![]()
बेतिया नगर निगम के सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को सातवें दिन भी जारी रही। अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर आंदोलनरत कर्मियों ने बेतिया विधायक और बिहार सरकार की पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के आवास का घेराव किया। उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में विधायक को एक ज्ञापन भी सौंपा। सफाई कर्मियों ने बताया कि वे 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, लेकिन अब तक उनकी मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। उन्होंने सरकार और नगर निगम प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की। समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा
ज्ञापन मिलने के बाद विधायक रेणु देवी ने तत्काल नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री से फोन पर बात की। उन्होंने मंत्री को सफाई कर्मियों की समस्याओं और मांगों से अवगत कराया और जल्द उचित कार्रवाई का आग्रह किया। विधायक ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और सरकार स्तर पर सकारात्मक पहल होगी। रेणु देवी ने विशेष रूप से नगर निगम के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए बीमा सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी शहर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनके हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। साफ-सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही
सफाई कर्मियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी तीन सूत्री मांगों पर लिखित आश्वासन या ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन और अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 30 जुलाई से जिले के सभी नगर निकायों के सफाई कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इस हड़ताल के कारण शहर की साफ-सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। कई स्थानों पर कचरे का अंबार लगने से आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

