![]()
मुंगेर के हरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक सड़क दुर्घटना में दुरमट्टा डाकघर की पोस्टमास्टर पूनम रानी (34) की मौत हो गई। वह तारापुर में आयोजित विभागीय बैठक में शामिल होने के बाद घर लौट रही थीं, तभी यह हादसा हुआ। यह घटना चनकी के समीप हुई, जब एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। सुपौर जमुआ डाकघर के पोस्टमास्टर रजनीश कुमार ने बताया कि बैठक के बाद पूनम रानी ने उनसे घर छोड़ने का अनुरोध किया था। रजनीश अपनी बाइक से उन्हें दुरमट्टा ले जा रहे थे। चंदुकि के पास दुरमट्टा की ओर से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। लोगों ने अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया टक्कर लगने से पूनम रानी सड़क पर गिर गईं और ट्रैक्टर के पहिए की चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल, तारापुर पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. संजय कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति सुल्तानगंज आरपीएफ में कार्यरत मृतका के जेठ मनोज कापरी ने बताया कि पूनम रानी के पति रामशंकर सुल्तानगंज में आरपीएफ में कार्यरत हैं। वह पूनम रानी को विभागीय बैठक में छोड़कर अपनी ड्यूटी पर चले गए थे। पूनम रानी अपने पीछे दो पुत्र बालकृष्ण और मोहित तथा एक पुत्री सृष्टि छोड़ गई हैं। थानाध्यक्ष बोले- मामले की जांच की जा रही हरपुर थानाध्यक्ष सत्यम कुमार ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर और उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

