![]()
पलामू में पाटन थाना क्षेत्र के चर्चित प्रभात कुमार मेहता हत्याकांड में पुलिस ने दूसरे आरोपी धर्मेंद्र कुमार (23) को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। उसे ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाकर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। धर्मेंद्र ने पूछताछ में बताया कि प्रभात की हत्या पुरानी रंजिश के कारण की गई थी। पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को पाटन थाना में प्रभात मेहता के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। अगले दिन, 26 जुलाई को पाण्डेयपुरा करोरिया स्थित एक अर्द्धनिर्मित मकान से प्रभात का शव बरामद हुआ। इसके बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़कर विशेष जांच शुरू की गई। पुरानी रंजिश के चलते प्रभात की हत्या की गई थी जांच के दौरान, पुलिस ने सबसे पहले मुख्य आरोपी राहुल कुमार उर्फ राहुल राम उर्फ राहुल चंद्रवंशी की पहचान की। तकनीकी अनुसंधान के आधार पर उसकी लोकेशन बेंगलुरु में मिली, जहां से उसे गिरफ्तार कर पलामू लाया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इसके बाद अनुसंधान में धर्मेंद्र कुमार की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने लगातार छापेमारी करते हुए उसे हरियाणा के यमुनानगर जिले से गिरफ्तार किया। पूछताछ में धर्मेंद्र ने स्वीकार किया कि पुरानी रंजिश के चलते प्रभात की हत्या की गई थी। आरोपी धर्मेंद्र और राहुल ने घटना वाले दिन सुबह प्रभात के घर जाकर ब्राउन शुगर ली थी। वे प्रभात को बाइक पर बैठाकर घर से दूर ले गए, जहां उन्होंने ब्राउन शुगर का नशा किया। इसके बाद प्रभात को ईंट से मारकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने यह भी बताया कि धर्मेंद्र के खिलाफ वर्ष 2024 में आर्म्स एक्ट का एक मामला भी दर्ज है।

