![]()
बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र स्थित चमथा रैली में हुए हत्याकांड के मुख्य आरोपी प्रमोदी राय को घटना के दो महीने बाद पुलिस ने झारखंड के टाटा जमशेदपुर (टेल्को प्रेम नगर) से गिरफ्तार कर लिया है। एसपी मनीष ने बताया कि बेगूसराय पुलिस को जघन्य अपराधों में शामिल फरार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है। बताया जा रहा है कि चमथा दियारा इलाके में रामजी राय और प्रमोदी राय के बीच लंबे समय से जमीनी विवाद चला आ रहा था। 8 जून की सुबह करीब 10:30 बजे रामजी राय के परवल के खेत में फसल तोड़ी जा रही थी। इसी दौरान प्रमोदी राय, विक्रम कुमार, विजय कुमार उर्फ मल्लाह, रवि राय, सौरभ, मनोज राय एवं लाखो राय के साथ 3-4 अज्ञात लोग हथियारों से लैस होकर खेत पर पहुंचे। फसल तोड़ने के बदले रंगदारी मांगी, बीच-बचाव के दौरान मारी गोली इन लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की और खेत में काम कर रहे लोगों से फसल तोड़ने के बदले रंगदारी की मांग की। घटना के समय जब पीड़ित पक्ष के लोग बीच-बचाव और पंचायती की बात करने पहुंचे, तो आरोपियों ने गाली-गलौज और रोड़ेबाजी शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपी रवि राय ने अपने हथियार से सीधी गोली चला दी। गोली भरत राय के पुत्र अजीत राय को लगी तथा वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। छोटा भाई दीपक कुमार उन्हें बचाने दौड़ा, तो आरोपियों ने उस पर भी गोली चला दी, जिससे गोली दीपक की बाईं बांह में जा लगी। गोलीबारी की आवाज सुनकर ग्रामीणों को जुटते देख सभी आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। अस्पताल में रामजी राय को डॉक्टरों ने मृत घोषित किया था ग्रामीणों के सहयोग से दोनों भाइयों को पिकअप से बेगूसराय सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अजीत राय को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही एसपी मनीष घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की थी। तेघड़ा डीएसपी एवं बछवाड़ा थानाध्यक्ष को आवश्यक निर्देश दिए गए थे। मौके की जांच के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम बुलाई गई थी। घटना के बाद घायल दीपक कुमार के बयान के आधार पर बछवाड़ा थाना में मामला दर्ज किया गया। जिसमें 14 नामजद और 3-4 अज्ञात को अभियुक्त बनाया गया था। उसके बाद से पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। लेकिन सभी आरोपी घर छोड़कर फरार थे। हत्या की वारदात के बाद लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपी प्रमोदी राय हत्याकांड को अंजाम देने के बाद से ही मुख्य आरोपी प्रमोदी राय पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह झारखंड के टाटा जमशेदपुर स्थित टेल्को प्रेम नगर इलाके में शरण लिए हुए है। सूचना के सत्यापन के बाद तेघड़ा डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम जमशेदपुर में छापेमारी की गई प्रमोदी राय को गिरफ्तार कर लिया गया।
