थाना क्षेत्र की बगैया पंचायत अंतर्गत उदयगढ़ गांव के टोला चोड़ार में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के समीप स्थित आहार से दो नाबालिग सगे भाइयों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान चोड़ार निवासी उमाशंकर राम के 10 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार और आठ वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि रविवार की सुबह गांव के ही एक व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान उक्त व्यक्ति ने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। इसके बाद शाम को गांव के समीप आहार में दोनों बच्चों के शव मिलने से परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि यदि बच्चों की मौत पानी में डूबने से हुई है, तो इसके पीछे की परिस्थितियों की भी गहन जांच होनी चाहिए। वहीं, सुबह हुए विवाद और उसके बाद बच्चों के शव मिलने की घटना को लेकर परिजनों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इधर, घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। दोनों बच्चों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


