![]()
अररिया पुलिस ने मंडल कारा के पास हुई बाइक चोरी की घटना का खुलासा कर दिया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरएस थाना पुलिस ने बाइक चोरी गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले की जानकारी एसडीपीओ सुशील कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि बीते 5 अगस्त को अररिया मंडल कारा के गेट के समीप से एक सुपर स्प्लेंडर बाइक (रजिस्ट्रेशन नंबर BR38 R 8059) चोरी हो गई थी। इस संबंध में आरएस थाना में कांड संख्या 184/26 दर्ज किया गया था। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की एसडीपीओ ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी अनुसंधान के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज और डंप डेटा के आधार पर महत्वपूर्ण सुराग जुटाए गए। इसके बाद संदिग्ध ठिकानों की पहचान कर पुलिस टीम ने छापेमारी की। छापेमारी के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान नितीश कुमार यादव (21, निवासी बथनाहा), मो. मंजर (20, निवासी जोगबनी), सूरज कुमार यादव (25, निवासी फुलकाहा, अररिया) और गौरव कुमार पड़रिया (22, निवासी फुलकाहा, अररिया) के रूप में हुई है। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों की जांच की जा रही है ताकि यह पता चल सके कि वे किन अन्य घटनाओं में चोरी किए गए थे। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता तथा बाइक चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। इस छापेमारी टीम में अंकुर कुमार, त्रिपुरारी कुमार, डीआईयू टीम के सदस्यों के अलावा सशस्त्र बल शामिल थे।

