![]()
लखीसराय जिले में चेन स्नैचिंग की घटनाओं में वृद्धि से लोगों में दहशत का माहौल है। नगर थाना क्षेत्र के विद्यापीठ चौक पर बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
.
डॉक्टर सोमा मंदिर में पूजा करने के बाद अपने घर लौट रही थीं। विद्यापीठ चौक के पास फुटपाथ से गुजरते समय पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने मौका पाकर उनके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश तेजी से बाइक से फरार हो गए।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक से मिली
अचानक हुई इस घटना से डॉक्टर सोमा काफी घबरा गई। उन्होंने तत्काल नगर थाना में आवेदन दिया और छिनतई गिरोह के सदस्यों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार से भी मुलाकात की।
जिले में पिछले कुछ दिनों से चेन स्नैचिंग की लगातार घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे पहले बड़हिया थाना क्षेत्र के बदरपुर गांव के समीप भी बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपटी थी। इन लगातार हो रही वारदातों से विशेष रूप से महिलाओं में भय का माहौल है।
CCTV की मदद से आरोपी की हो रही पहचान
पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने बताया कि विद्यापीठ चौक पर हुई घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस को मिल गया है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। पुलिस टीम गिरोह के सदस्यों तक पहुंचने के लिए तकनीकी और अन्य माध्यमों से जांच कर रही है। एसपी ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।


