![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो सेक्टर-4एफ स्थित एमजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल में दो दिवसीय ईस्टर्न यूथ डिप्लोमेसी समिट का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के 280 छात्र प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। समिट के दौरान विद्यार्थियों ने कूटनीति, वाद-विवाद, वार्ता, नेतृत्व और वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार रखते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उद्घाटन मुख्य अतिथि मंत्री कुमार गौरव, उपायुक्त अजय नाथ झा, विशिष्ट अतिथि बोकारो विधायक श्वेता सिंह, डिप्टी मेयर पूजा सिंह और बजरंग दल के सह मंत्री राम कृष्ण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने इस अनूठी पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्य फादर डॉ. जोशी वर्गीस ने विद्यार्थियों के उत्साह, समर्पण और सीखने की भावना की सराहना की। कहा कि ऐसे मंच केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ज्ञान अर्जित करने, नए दृष्टिकोण विकसित करने, संवाद की कला सीखने और भविष्य के नेतृत्व के लिए स्वयं को तैयार करने का अवसर देते हैं। विद्यार्थियों को हर अनुभव से सीखने, चुनौतियों से मजबूत बनने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। समिट के विभिन्न समितियों में संरचित सत्र, वाद-विवाद और वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम में उप प्राचार्या राखी बनर्जी, प्रधानाध्यापिका सपना जोशी, कार्यक्रम प्रभारी बिंसी मधुर, रॉबिन मलिक आदि मौजूद थे।


