![]()
सहरसा में मंगलवार को ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के तहत एक तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने समाहरणालय परिसर से इस यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा की शुरुआत से पहले वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया गया। इस तिरंगा यात्रा में स्काउट एवं गाइड के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए प्रतिभागियों ने शहर के विभिन्न हिस्सों तक देशभक्ति का संदेश पहुंचाया। यात्रा समाहरणालय परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुज़रते हुए जिला स्कूल में समाप्त हुई। तिरंगा यात्रा से जुड़ी तस्वीरें देखिए…. हर घर तिरंगा अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील इस अवसर पर जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बताया कि यह अभियान ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन-बान-शान का प्रतीक है, जबकि राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ देशभक्ति की भावना को मज़बूत करता है। डीएम ने जिलेवासियों से अपील की कि वे 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा अभियान’ में सक्रिय रूप से भाग लें। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को सुदृढ़ करना है। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि 14 अगस्त को सहरसा जिले के प्रभारी मंत्री सह शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की उपस्थिति में भी एक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इस कार्यक्रम में अपर समाहर्ता निशांत, डीडीसी गौरव कुमार, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा कुमारी सहित कई अन्य पदाधिकारी, स्काउट एवं गाइड के सदस्य और कर्मी उपस्थित रहे।
