![]()
पूर्णिया और किशनगंज जिलों को जोड़ने वाले बायसी-बहादुरगंज-दीघलबैंक स्टेट हाईवे-99 के चौड़ीकरण का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। 65.35 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर 602.24 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। शेष कार्य मार्च 2027 तक पूरा होने की संभावना है। इस सड़क के चौड़ीकरण से नेपाल सीमा से जुड़े क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, जिससे व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड की निगरानी में चल रही इस परियोजना के तहत कई हिस्सों में सड़क की पिचिंग पूरी हो चुकी है। वहीं, कुछ स्थानों पर पुल-पुलियों का निर्माण अंतिम चरण में है। निर्माण एजेंसियां बचे हुए कार्यों को तेजी से पूरा करने में जुटी हैं। 45.4512 एकड़ भूमि का हुआ अधिग्रहण एसएच-99 के चौड़ीकरण के लिए किशनगंज जिले में कुल 45.4512 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया गया है। इसमें बहादुरगंज अंचल में 18.3580 एकड़ और दिघलबैंक अंचल में 27.0932 एकड़ भूमि शामिल है। लगभग एक दशक पहले इस मार्ग को स्टेट हाईवे-99 का दर्जा दिया गया था। इसके बाद से ही स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि इसके चौड़ीकरण और आधुनिकीकरण की मांग कर रहे थे। पहले सड़क की खराब स्थिति और बढ़ते यातायात दबाव के कारण लोगों को परेशानी होती थी। परियोजना को शुरुआत में 10 जनवरी 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य था। चुनौतियों के कारण बढ़ानी पड़ी समय-सीमा हालांकि, भूमि अधिग्रहण, तकनीकी कारणों और निर्माण से जुड़ी अन्य चुनौतियों के कारण समय-सीमा बढ़ानी पड़ी। अब इसे मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बायसी से शुरू होकर बहादुरगंज होते हुए दीघलबैंक तक जाने वाला यह मार्ग सीमावर्ती इलाकों के लिए एक महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है। इसके पूरा होने से स्थानीय आवागमन के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
