Friday, August 14, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

सीएम हाउस घेराव की योजना नहीं, तिरंगा मार्च निकालेंगे:जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने छात्र आंदोलन की आगे की रणनीति बताई


जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन गुरुवार को 20वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के बीच जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच ने आगे की रणनीति घोषित की। मंच के प्रवक्ता रवींद्र पासवान ने कहा कि 16 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के घेराव की कोई योजना नहीं है। वहीं 15 अगस्त को तिरंगा यात्रा निकालने का निर्णय लिया। इसमें राज्यभर के युवा शामिल होंगे। यह यात्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से कचहरी, लालपुर और अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए वापस स्टेडियम पहुंचेगी। पासवान ने मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की के उस बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने कहा था कि सरकार से बातचीत के लिए गए प्रतिनिधिमंडल के सदस्य छात्र नहीं थे। आंदोलन को लेकर मंच ने सरकार से संवाद, एफआईआर में निर्दोष छात्रों को आरोपी नहीं बनाने और सभी 81 विधायकों से नैतिक समर्थन देने की अपील की। दूसरी ओर, 10 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे महेंद्र प्रसाद मंडल ने जयराम महतो के समझाने पर अनशन तोड़ दिया, जबकि अन्य छात्रों का अनशन जारी है। आइसा ने भी छात्रों के इस शांतिपूर्ण आंदोलन को समर्थन जारी रखने की बात कही। छात्रों से मिले फिजिक्स वाला के संस्थापक अलख पांडेय फिजिक्स वाला के संस्थापक अलख पांडेय ने गुरुवार को जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच पहुंच कर भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों से मुलाकात की। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों का हालचाल जाना और उनकी मांगों को सुनते हुए अपना नैतिक समर्थन जताया। कहा कि जब सेटर खुद कबूल रहा है तो सीजीएल परीक्षा रद्द होनी ही चाहिए। बाकी सीआईडी और सीबीआई जांच पॉलिटिकल मुद्दा हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता परीक्षा के लिए छात्र दिन-रात एक कर तैयारी करते हैं। ऐसे में उनकी भावनाओं को समझना होगा, नहीं तो वे अंदर से टूट जाएंगे। संवैधानिक संस्थाओं पर से छात्रों का भरोसा नहीं उठना चाहिए। राहुल छात्रों के समर्थन में आगे आएं… कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से भी छात्रों के मुद्दे पर हस्तक्षेप की अपील की गई। छात्रों ने कहा कि यदि सरकार छात्रों की मांगों को गंभीरता से नहीं लेती है, तो कांग्रेस को छात्रों के साथ खड़ा होना चाहिए। मंच ने कहा कि छात्रों की मांगों के समाधान के लिए राजनीतिक स्तर पर भी पहल जरूरी है। पूर्व सांसद-विधायक भी पहुंचे पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता गुरुवार को स्टेडियम पहुंचे और रिफॉर्म मंच के छात्रों के आंदोलन को नैतिक समर्थन दिया। उन्होंने सरकार की निंदा करते हुए छात्रों की मांगों को पूरा करने की अपील की। पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय भी छात्रों से मिले और उनका हौसला बढ़ाया। वहीं भाजपा नेता रवींद्र राय भी छात्रों से मिले। आइसा ने पंडाल हटा लिया आइसा का पंडाल स्टेडियम के बाहर से हटा लिया गया है। आइसा के सदस्य विजय कुमार ने कहा कि 10 अगस्त को विधानसभा घेराव को लेकर बड़ी संख्या में बाहर से आने वाले लोगों के ठहरने की व्यवस्था के लिए यह पंडाल बनाया गया था। महेंद्र मंडल ने तोड़ा अनशन, जयराम बोले- आंदोलन जारी रहेगा जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं में गड़बड़ियों के खिलाफ जेपीएससी- जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच पर 10 दिनों से भूख हड़ताल कर रहे छात्र महेंद्र प्रसाद मंडल ने गुरुवार रात करीब 9:30 बजे अनशन तोड़ दिया। डुमरी विधायक जयराम महतो के समझाने और आंदोलनकारियों के आग्रह पर उन्हें नारियल पानी पिलाकर अनशन समाप्त कराया गया। जयराम ने बताया कि महेंद्र के सीने में चोट लगी है और चिकित्सकीय जांच में भी समस्या सामने आई है। ऐसे में समय पर इलाज जरूरी है। उन्होंने कहा कि अनशन समाप्त करना आंदोलन से पीछे हटना नहीं, बल्कि कुछ समय का विश्राम है। जयराम महतो ने कहा कि आंदोलन जारी रहेगा। दूसरी ओर, प्रेम नायक और उमेश महतो की भूख हड़ताल जारी है। अस्पताल में भर्ती देवेंद्र समेत अन्य आंदोलनकारी भी अनशन पर हैं। देवेंद्र को सत्याग्रह स्थल पर जाने दें : मंच जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच ने डीसी को मांग पत्र सौंपकर अस्पताल में भर्ती देवेंद्रनाथ महतो को सत्याग्रह स्थल जाने की अनुमति देने की मांग की। मंच के अध्यक्ष रामअवतार महतो ने आरोप लगाया कि देवेंद्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं, लेकिन उन्हें आंदोलन स्थल जाने से रोका जा रहा है। साथ ही मंच को उनसे मिलने और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी लेने की अनुमति भी नहीं दी जा रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles