
Terror Conspiracy: कर्नाटक पुलिस ने आतंकी साजिश का पर्दाफाश करते हुए पश्चिम बंगाल के 25 वर्षीय युवक असाफुल मलिक को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के साथ मिलकर भारत और पाकिस्तान की सेना के खिलाफ हमले करने की साजिश रचने का आरोप है. केंद्रीय और स्थानीय खुफिया एजेंसियों से मिली गुप्त सूचना के आधार पर बेंगलुरु पुलिस ने 11 अगस्त को बोम्मासंद्रा औद्योगिक क्षेत्र (Bommasandra Industrial Area) से आरोपी को हिरासत में लिया था. लंबी पूछताछ के बाद बेंगलुरु सिटी पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया.
सुरक्षा गार्ड की आड़ में रच रहा था साजिश
पुलिस ने बताया है कि बेंगलुरु के जिगानी (एपीसी सर्किल) में रहकर सुरक्षा गार्ड (Security Guard) की नौकरी करने वाला असाफुल मलिक फेसबुक के जरिये अफगानिस्तान निवासी टीटीपी आतंकी इमरान अहिंदर के संपर्क में आया था.
अफगानिस्तान जाने की थी तैयारी
आरोपी ने TTP में आधिकारिक तौर पर शामिल होने, हथियार प्रशिक्षण लेने और अफगानिस्तान जाने के लिए पासपोर्ट बनवाया था. वीजा के लिए आवेदन भी कर चुका था. हालांकि, किसी कारणवश वह अफगानिस्तान नहीं जा सका.
ये भी पढ़ें: बंगाल में तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान मॉड्यूल तैयार कर रहा था हमीम मंडल, निशाने पर थे 6 मंत्री
आम लोगों पर सेना के अत्याचार से था गुस्से में
मलिक पाकिस्तान की सेना द्वारा वहां की मस्जिदों और आम नागरिकों पर कथित अत्याचार और इस्राइल-फिलीस्तीन संघर्ष में इस्राइल को दिये जा रहे समर्थन से गुस्से में था. वह पाकिस्तान की सेना से बदला लेने के साथ-साथ भारत में भी आतंकी वारदातों को अंजाम देने की फिराक में था.
मोबाइल से मिले ऑडियो-वीडियो सबूत
पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है. इस फोन में संदिग्ध ऑडियो रिकॉर्डिंग, चैट और संदेश मिले हैं, जो उसकी आतंकी गतिविधियों और उसके टीटीपी में शामिल होने की मंशा की पुष्टि करते हैं.
ये भी पढ़ें: बंगाल में ISI और जैश-ए-मोहम्मद के राज खोलेगी अर्पिता सरकार! हमीम ने सौंपा था हनीट्रैप का जिम्मा
BNS की धारा 113(3) के तहत मामला
हेब्बागोडी पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 113(3) (आतंकवादी कृत्य की साजिश रचने, उकसाने, सहायता करने या प्रयास करने) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
नोवापाड़ा का रहने वाला है असाफुल मलिक
असाफुल मलिक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के नोवापाड़ा का रहने वाला है. पुलिस अब उसके स्थानीय संपर्कों और वित्तीय लेन-देन की भी जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तानी आतंकियों की हनीट्रैप अर्पिता सरकार का क्या है सच? जानें पिता ने क्या कहा
The post भारत-पाकिस्तान में हमलों की साजिश रच रहा था बंगाल का असाफुल मलिक, बेंगलुरु पुलिस ने किया गिरफ्तार, TTP से जुड़े तार appeared first on Prabhat Khabar.


