![]()
15 अगस्त को शहर के झंडा मैदान में सुबह 9 बजे मुख्य समारोह आयोजित होगा। इसमें झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत सुबह 7 बजे प्रभातफेरी से होगी। इसमें विभिन्न विद्यालयों की छात्र-छात्राओं के साथ संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मी भी शामिल होंगे। प्रभातफेरी के माध्यम से लोगों के बीच देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश पहुंचाया जाएगा। जिला प्रशासन ने प्रमुख सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण का समय भी निर्धारित कर दिया है। जिला गोपनीय कार्यालय में सुबह 8:20 बजे, अनुमंडल कार्यालय में 10:10 बजे, कर्मचारी महासंघ भवन में 10:15 बजे, जिला परिषद कार्यालय और सिविल सर्जन कार्यालय में 10:30 बजे ध्वजारोहण होगा। इसी समय नगर निगम में भी झंडोत्तोलन किया जाएगा। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में 10:40 बजे, समाहरणालय परिसर में 11 बजे और पुलिस लाइन में 11:30 बजे ध्वजारोहण होगा। स्वतंत्रता दिवस की शाम नगर भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम शाम 5 बजे से 7 बजे तक चलेगा। इसमें जिले के कलाकारों और विभिन्न संस्थानों की ओर से देशभक्ति, संस्कृति और राष्ट्रीय भावना से जुड़ी प्रस्तुतियां दी जाएंगी। उपायुक्त ने सभी कार्यालय प्रधानों को निर्धारित समय पर अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने सभी विभागों को स्वतंत्रता दिवस से जुड़े दायित्वों का समयबद्ध और समन्वित तरीके से निष्पादन करने का निर्देश दिया। समारोह के दौरान आम लोगों की सुविधा, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अनुशासन का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
