![]()
नालंदा में मामूली सड़क दुर्घटना के बाद ट्रक चालक के रहस्यमयी तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। शनिवार (15 अगस्त) की शाम पानी-पूड़ी(गुपचुप) के ठेले में ट्रक के टकरा जाने के बाद हुए स्थानीय लोगों ने ड्राइवर की पिटाई कर दी। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल रहा है। पीड़ित परिवार ने मॉब लिचिंग की आशंका जताई है। सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर परिवार के लोगों ने रविवार को हंगामा कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आधा दर्जन से अधिक थानों की पुलिस गांव में कैंप कर रही है। घटना एकंगरसराय थाना क्षेत्र के धुरगांव की है। ठेला हटाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद जानकारी के मुताबिक महमदपुर निवासी राजीव कुमार खाली ट्रक लेकर जा रहे थे। ट्रक पर खलासी के रूप में उनके भांजे और भाई राजेश कुमार भी सवार थे। शनिवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच धुरगांव में सड़क पर अर्जुन पंडित का गुपचुप का ठेला लगा था। राजीव ने ठेला साइड करने को कहा, लेकिन दुकानदार ने नहीं हटाया। गाड़ी बैक करते समय ठेले में हल्की टक्कर लग गई। इसके बाद कहासुनी शुरू हो गई। आक्रोशित लोगों ने ड्राइवर राजीव और खलासी राजेश को ट्रक से खींच लिया और उनकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच, मौका पाकर खलासी राजेश किसी तरह ट्रक लेकर वहां से भाग निकला। इस बीच दिलीप कुमार को लगा कि राजीव भी ट्रक में बैठकर चला गया है, इसलिए वह भी पैदल ही गांव की ओर निकल गए। लेकिन बाद में पता चला कि घर नहीं पहुंचा है। परिजन का आरोप है कि मारपीट के बाद लोगों ने उसे गायब कर दिया है। परिजन ने जताई मॉब लिंचिंग की आशंका लापता ड्राइवर के पिता देवेन्द्र प्रसाद और भाई दिलीप कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई दिलीप ने बताया कि 15 अगस्त की शाम ठेला साइड न करने पर हल्की रगड़ लग गई थी, जिसके बाद दोनों (ड्राइवर-खलासी) को बुरी तरह पीटा गया। आशंका जताई है कि भीड़ ने पीट-पीटकर राजीव की हत्या कर दी है। शव को कहीं छिपा दिया है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक हत्या की पुष्टि नहीं की है। डीएसपी के नेतृत्व में 8 थानों की पुलिस कर रही कैंप धुरगांव और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला मुख्यालय के डीएसपी रंजन कुमार और हिलसा-2 के एसडीपीओ रामदुलार प्रसाद के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर एकंगरसराय, चंडी, तेल्हाड़ा, औंगारी, पीर बिगहा, परवलपुर, थरथरी और हिलसा थानों की पुलिस कैंप कर रही है। हिलसा एसडीपीओ-2 रामदुलार प्रसाद ने बताया कि ठेले से टक्कर के बाद विवाद बढ़ा था। कुछ लोग चालक को खींचकर ले गए थे और खलासी ट्रक लेकर भाग गया था। पुलिस ने मारपीट और गायब करने के संदेह में कुछ स्थानीय लोगों को हिरासत में लिया है। पूछताछ की जा रही है। लापता ड्राइवर की तलाश जारी है। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
