![]()
मधुबनी में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद महिला ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना लदनियां थाना क्षेत्र के नेता जी चौक स्थित मकान की है। मृतका की पहचान पश्चिम बंगाल के बेरहपुर निवासी पल्लवी खातून के रूप में हुई है। पल्लवी खातून पिछले करीब 2 सालों से अपने पति के साथ लदनियां बाजार में ललित यादव के मकान के नीचे बने करकट के कमरे में रह रही थी। बताया जाता है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था। ऑर्केस्ट्रा में कार्यक्रम करना चाहती थी पत्नी स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतका शादी से पहले ऑर्केस्ट्रा में नृत्य करती थी, जबकि उसका पति अलग-अलग स्थानों पर कपड़े बेचने का काम करता था। पल्लवी कथित तौर पर दोबारा ऑर्केस्ट्रा में स्टेज कार्यक्रम करना चाहती थी, जिसका पति विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था और स्थानीय लोगों ने कई बार मारपीट होने की बात भी बताई है। शनिवार को मृतका का पति काम के सिलसिले में घर से बाहर गया हुआ था। काफी देर तक घर के अंदर कोई हलचल न दिखने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। उन्होंने तुरंत लदनियां थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खोलकर महिला को फंदे से नीचे उतारा। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने पति से पूछताछ की शुरू पुलिस ने मृतका के पति को पूछताछ के लिए थाना बुलाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस फिलहाल पति-पत्नी के बीच विवाद सहित घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
