![]()
पटना की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और जाम से राहत दिलाने के लिए नेहरू पथ (बेली रोड) के चौड़ीकरण की योजना तैयार की गई है। पटना मेट्रो के काम के कारण डाक बंगला चौराहा से रुकनपुरा तक सड़क को चौड़ा किया जाएगा। इसमें करीब 39.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नूतन राजधानी रोड डिवीजन की ओर से काम को मानसून अवधि समेत नौ महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकारी जमीन पर बनेगी अतिरिक्त लेन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में नेहरू पथ की चौड़ाई अलग-अलग हिस्सों में करीब 20 से 40-45 मीटर तक है। जहां सरकारी जमीन उपलब्ध होगी, वहां सड़क के दोनों ओर करीब 3 से 3.5 मीटर चौड़ी अतिरिक्त लेन बनाई जाएगी। इससे वाहनों के आवागमन के लिए अतिरिक्त जगह मिलेगी और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू होने की उम्मीद है। कोतवाली थाना, मौर्य लोक कॉम्प्लेक्स की पीछे होगी बाउंड्री चौड़ीकरण के दौरान किसी सरकारी या निजी भवन को तोड़ने की योजना नहीं है। सड़क के लिए जगह निकालने के लिए जरूरत पड़ने पर केवल सरकारी संस्थानों की चारदीवारी पीछे की जाएगी। इसमें कोतवाली थाना और मौर्य लोक कॉम्प्लेक्स समेत अन्य सरकारी परिसरों की बाउंड्री को पीछे करने पर विचार किया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जहां सड़क चौड़ीकरण के लिए रैयती यानी निजी जमीन की जरूरत पड़ेगी, वहां विस्तार नहीं किया जाएगा। केवल उपलब्ध सरकारी जमीन का इस्तेमाल कर सड़क को चौड़ा करने की योजना है। मेट्रो निर्माण के कारण बढ़ा ट्रैफिक दबाव बेली रोड पर बड़े स्तर पर मेट्रो निर्माण कार्य चल रहा है। इसके कारण सड़क का एक हिस्सा निर्माण की जद में आने से वाहनों के आवागमन पर असर पड़ रहा है। इसी को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण का फैसला लिया गया है। विभाग की ओर से इसके लिए निविदा जारी कर दी गई है। योजना पूरी होने के बाद राजधानी के इस प्रमुख मार्ग पर रोजाना आने-जाने वाले लोगों को जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
