Sunday, August 16, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

पलामू में गर्भवती पत्नी की गला दबाकर हत्या:15 दिन पहले ही मायके से लौटी थी, इसी साल हुई थी शादी, आरोपी पति गिरफ्तार


मेदिनीनगर के सदर थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव में एक गर्भवती महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान काजल देवी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में उसके पति रंजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। रविवार को मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपी पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या की कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई है। पुलिस के अनुसार, घटना के समय आरोपी शराब के नशे में था। पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद रंजीत ने कथित तौर पर काजल का गला दबा दिया। दोपहर में भी की थी पिटाई, कमरे में किया था बंद परिजनों के अनुसार, काजल ने पहले भी पति के शराब पीकर मारपीट करने की शिकायत की थी। शनिवार को हत्या से पहले दोपहर में भी रंजीत ने काजल के साथ मारपीट की थी और उसे कमरे में बंद कर दिया था। काजल ने इस घटना की जानकारी अपने मायके वालों को दी थी। बताया जाता है कि कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ। इसी दौरान रंजीत ने कथित तौर पर काजल का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। परिजनों का कहना है कि काजल ने उन्हें पहले भी बताया था कि पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता है। इसके बावजूद परिवार ने उसे ससुराल भेज दिया था। इस घटना के बाद मायके पक्ष में गहरा आक्रोश है और परिवार के लोग सदमे में हैं। 15 दिन पहले मायके से लौटी थी काजल बताया जाता है कि रंजीत और काजल दोनों दिव्यांग थे। दोनों की शादी इसी साल हुई थी। काजल का मायका लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बोहिता गांव में है। वह करीब 15 दिन पहले ही मायके से ससुराल लौटी थी। परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही काजल को पति के शराब पीने और मारपीट करने की परेशानी थी। शनिवार को हुई घटना ने परिवार को झकझोर दिया। पुलिस अब हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और घटना किन परिस्थितियों में हुई। आरोपी से पूछताछ के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles