![]()
बेगूसराय में हथियार और कारतूस के साथ अपराधियों ने 3 वीडियो बनाए हैं। पहले वीडियो में जिसमें देखा जा सकता है कि जमीन पर चादर बिछी है। जिसपर कट्टा- राइफल और कारतूसें रखी हुई है। दूसरे बगल में बैठे बदमाश सिगरेट का धुआं उड़ा रहे हैं। वीडियो पर कैप्सन लिखा है ‘King of Bihar boos’। वहीं, तीसरे वीडियो में भी हथियार दिख रहा है और बदमाश चिकन पार्टी कर रहे हैं। मामला बलिया थाना क्षेत्र नौरंगा दियारा इलाके का है। बदमाशों की कुछ तस्वीरें…
गंगा वाले इलाके में शरण लेते हैं अपराधी बलिया थाना का नौरंगा दियारा क्षेत्र भौगोलिक रूप से दुर्गम इलाका माना जाता है। गंगा के कछार वाले इस इलाके में अपराधी अक्सर शरण लेते हैं। सोशल मीडिया पर इस तरह के हथियारों से लैस वीडियो डालकर बदमाश आम लोगों और विरोधी गुटों में अपनी दहशत कायम करने की कोशिश कर रहे हैं। यह कोई पहला मामला नहीं है। पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद युवाओं में सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स बटोरने का सनक सिर चढ़कर बोल रहा है। पुलिस ने शुरू की छापेमारी वीडियो वायरल होने के बाद बेगूसराय पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल बलिया थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने दियारा के संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डीएसपी बोले- मुख्य आरोपी सुदामा चौधरी की हुई पहचान मुख्यालय डीएसपी (DSP HQ) निखिल कुमार ने बताया कि अवैध हथियार के साथ सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने का मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। इस संबंध में बलिया थाना पुलिस की ओर से सत्यापन कराया गया है। जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिख रहे एक मुख्य व्यक्ति की पहचान नौरंगा निवासी सुदामा चौधरी के रूप में हुई है। डीएसपी ने बताया कि FIR दर्ज की जा रही है। एक आरोपी की पहचान कर उसके गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वीडियो में शामिल अन्य सभी आरोपियों की भी पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी की गिरफ्तारी होगी।
