Friday, August 21, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

मुजफ्फरपुर के कारोबारी अपहरण की इनसाइड स्टोरी:पत्नी को वीडियो कॉल पर दिखाई पिटाई, 20 मिनट में 10 लाख भेजने का अल्टीमेटम; 8 घंटे में यूपी से बरामद


मुजफ्फरपुर के कारोबारी चंदन कुमार के अपहरण मामले में अपराधियों की पूरी करतूत सामने आई है। मुर्गी दाना सप्लाई के बहाने चंदन को वैशाली के सराय इलाके में बुलाया गया। वहां से पटना नंबर की ऑल्टो कार में उसे अगवा कर उत्तर प्रदेश ले जाया गया। करीब आठ घंटे तक उसे होटल, मुर्गी फार्म और एक मकान में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई। अपराधियों ने चंदन की पत्नी श्वेता कुमारी को वीडियो कॉल कर उसके सामने पति की पिटाई दिखाई। मोबाइल स्क्रीन पर पति को बंधा और पिटता देख श्वेता रोने लगी और अपराधियों से उसे छोड़ने की गुहार लगाती रही। आरोपितों ने उसे महज 20 मिनट में 10 लाख रुपए का इंतजाम करने का अल्टीमेटम दिया। रकम नहीं मिलने पर चंदन की हत्या की धमकी दी गई। श्वेता ने दूसरे मोबाइल से वीडियो कॉल रिकॉर्ड कर लिया। यही वीडियो बाद में पुलिस के लिए अहम सुराग बना। परिचितों ने ही रची अपहरण की साजिश पुलिस के अनुसार, चंदन पिछले करीब तीन वर्षों से मुर्गी दाना सप्लाई का कारोबार करता है। इसी कारोबार के दौरान उसकी पहचान कुछ आरोपियों से हुई थी। गिरफ्तार आरोपितों में कानपुर के पनकी निवासी गौरव सिंह और समस्तीपुर के बंगरा निवासी अभिषेक कुमार भी मुर्गी दाना कारोबार से जुड़े हैं और चंदन के परिचित बताए जा रहे हैं। आरोपियों ने चंदन के साथ अपने परिचय का फायदा उठाया और मुर्गी दाना सप्लाई के बहाने उसे वैशाली के सराय इलाके में बुलाया। चंदन के वहां पहुंचते ही उसे ऑल्टो कार में बैठाया गया और जबरन उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया गया। होटल में मारपीट, फिर फार्म और मकान में रखा पुलिस के मुताबिक, रास्ते में एक होटल में भी उसके साथ मारपीट की गई। उत्तर प्रदेश पहुंचने के बाद उसे पहले एक मुर्गी फार्म में रखा गया। इसके बाद एक मकान में ले जाकर बांध दिया गया। अपराधियों ने उसके साथ लगातार मारपीट की और फिरौती की रकम के लिए परिवार पर दबाव बनाने की तैयारी की। सामने आए वीडियो में चंदन को टेंट की रस्सी से बांधकर गाछी की ओर ले जाते हुए दिखाया गया है। वहां चारों आरोपितों ने लोहे की रॉड से उसकी पिटाई की। चंदन बार-बार ‘भैया, छोड़ दीजिए’ कहकर गुहार लगाता रहा, लेकिन अपराधी नहीं माने। पत्नी को वीडियो कॉल पर दिखाई पति की पिटाई मारपीट के बाद अपराधी चंदन को एक कमरे में ले गए। वहां से उसकी पत्नी श्वेता को वीडियो कॉल किया गया। कॉल के दौरान अपराधियों ने मोबाइल स्क्रीन पर चंदन की पिटाई का दृश्य पत्नी को दिखाया। पति को बंधा और पिटता देख श्वेता बुरी तरह घबरा गई और रोते हुए उसे छोड़ने की गुहार लगाने लगी। उसने कहा कि वह पैसे का इंतजाम कर रही है, लेकिन इतनी बड़ी रकम तुरंत जुटाना मुश्किल है। उसने छोटे बच्चों का हवाला देकर भी चंदन को नुकसान नहीं पहुंचाने की अपील की। वीडियो कॉल के दौरान सूरजभान सिंह पत्नी को धमकाता नजर आया। उसने कहा कि पैसे नहीं मिले तो चंदन को जान से मार दिया जाएगा। 20 मिनट में 10 लाख रुपए का दबाव अपराधियों ने श्वेता पर मानसिक दबाव बनाने के लिए समय भी तय कर दिया। उससे कहा गया कि महज 20 मिनट में पैसे का इंतजाम करना होगा। वीडियो कॉल के दौरान बार-बार पूछा गया कि कितने रुपए जुटे हैं। श्वेता ने बताया कि किसी तरह करीब तीन से चार लाख रुपए का इंतजाम हुआ है। इस पर अपराधियों ने साफ कहा कि उन्हें पूरे 10 लाख रुपए चाहिए। उन्होंने कम रकम स्वीकार करने से इनकार कर दिया। श्वेता ने पुलिस में केस करने की बात भी कही, लेकिन अपराधियों ने उसे और धमकाया। उन्होंने कहा कि वह उनका घर पता कर केस कर सकती है, लेकिन पुलिस के पास जाने पर चंदन को उसके सामने वीडियो कॉल पर ही जान से मार दिया जाएगा। दूसरे मोबाइल से रिकॉर्ड किया वीडियो अपराधियों को अंदाजा नहीं था कि श्वेता ने दूसरे मोबाइल से वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग कर ली है। इस रिकॉर्डिंग में चंदन के साथ मारपीट और पत्नी को दी जा रही धमकी का दृश्य कैद हो गया। घटना की जानकारी पुलिस को मिलने के बाद मिठनपुरा थाने में कांड संख्या 233/26 दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी सुराग से बलिया पहुंची पुलिस नगर एसपी के अनुश्रवण और नगर-1 एसडीपीओ के नेतृत्व में जिला आसूचना इकाई और मिठनपुरा थाने की टीम ने तकनीकी और मानवीय इनपुट जुटाना शुरू किया। पुलिस ने मोबाइल नंबर, वीडियो कॉल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गतिविधियों का सुराग निकाला। जांच के दौरान आरोपितों की लोकेशन उत्तर प्रदेश के बलिया जिले तक पहुंची। इसके बाद पुलिस टीम बलिया के हल्दी थाना क्षेत्र पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। आठ घंटे में कारोबारी सकुशल बरामद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चंदन को आरोपियों के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया। अपहरण की सूचना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और करीब आठ घंटे में कारोबारी को छुड़ा लिया। बरामदगी के बाद चंदन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसे किन-किन स्थानों पर रखा गया और किस आरोपित ने उसके साथ मारपीट की। चार आरोपित गिरफ्तार, कार और चार मोबाइल बरामद पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें वैशाली के सराय निवासी सूरज कुमार उर्फ सूरज कुमार सिंह उर्फ सूरजभान सिंह, सारण के दिघवारा निवासी रौशन कुमार, कानपुर के पनकी निवासी गौरव सिंह और समस्तीपुर के बंगरा निवासी अभिषेक कुमार शामिल हैं। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल ऑल्टो कार और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस इन मोबाइलों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। अब साजिश की पूरी कड़ी खंगाल रही पुलिस पुलिस के अनुसार, गौरव सिंह के खिलाफ उत्तर प्रदेश में पहले से आपराधिक मामला दर्ज है। उसका आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि अपहरण की साजिश कब और कहां रची गई थी और चंदन को ही निशाना बनाने का फैसला क्यों लिया गया। जांच इस बिंदु पर भी चल रही है कि चारों गिरफ्तार आरोपितों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति इस साजिश में शामिल था या नहीं। पुलिस फिरौती की रकम वसूलने की पूरी योजना और आरोपितों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। वीडियो से मिला सुराग चंदन की पत्नी को की गई वीडियो कॉल और उसमें रिकॉर्ड हुई मारपीट इस मामले की अहम कड़ी बन गई है। वीडियो में एक तरफ चंदन की बेरहमी से पिटाई दिखाई दे रही है, तो दूसरी तरफ पत्नी उसे बचाने के लिए रोते हुए अपराधियों से गुहार लगाती नजर आ रही है। पुलिस अब वीडियो, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को जोड़कर अपहरण की पूरी साजिश का खुलासा करने में जुटी है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles