![]()
पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा स्थित पाताहातू डैम की तेज धार में डूबे 12 वर्षीय छात्र गणेश सोय का शव रविवार सुबह तीसरे दिन बरामद कर लिया गया। उसका शव करणी मंदिर घाट के समीप रोरो नदी में दिखाई दिया। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था, जिससे शुक्रवार से ही उसकी तलाश में परेशानी आ रही थी। रविवार सुबह पानी का स्तर कुछ कम हुआ तो नदी में शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। स्कूल बैग लेकर निकला था, डैम के नीचे तेज बहाव में डूबा गणेश सोय हाटगम्हरिया सोसोपी निवासी जमादार सोय का पुत्र था। वह चाईबासा के संत जेवियर स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता था और सुफलसाई में अपनी फूफू के घर रहकर पढ़ाई करता था। परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे गणेश स्कूल बैग लेकर घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं आने पर उसकी तलाश शुरू की गई। रात करीब नौ बजे परिजनों को जानकारी मिली कि वह पाताहातू डैम के नीचे रोरो नदी के तेज बहाव में डूब गया है। घटनास्थल के पास गणेश के कपड़े, साइकिल और स्कूल बैग मिले थे। इसके बाद पुलिस और परिजन शुक्रवार रात से ही नदी में उसकी तलाश कर रहे थे। चट्टानों और तेज बहाव ने रोका रास्ता, तीसरे दिन मिली लाश डैम के नीचे नदी में तेज बहाव और चट्टानों के कारण तलाशी अभियान में लगातार दिक्कतें आती रहीं। बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने से पानी में उतरकर तलाश करना भी मुश्किल था। परिजनों को आशंका थी कि तेज धार गणेश के शव को नदी के दूसरे हिस्से तक बहा ले गई होगी। शनिवार तक तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह जलस्तर घटने के बाद करणी मंदिर घाट के पास शव दिखाई दिया। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता जमादार सोय ने गणेश के लापता होने की लिखित सूचना मुफस्सिल थाना में दी थी। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है और गांव में भी शोक का माहौल है।
