![]()
शेखपुरा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कुसुंभा थाना क्षेत्र के दानी बीघा गांव में छापेमारी कर दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से एक राइफल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रजापति यादव और ईश्वर यादव के रूप में हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रजापति यादव अपने घर में हथियार रखे हुए है। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए एसपी हिमांशु के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम में कुसुंभा थानाध्यक्ष अमरेश कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। बक्से से मिली राइफल और कारतूस पुलिस टीम ने देर रात प्रजापति यादव के घर पर छापेमारी की। उस समय ईश्वर यादव भी घर में मौजूद था। तलाशी और वीडियोग्राफी के दौरान एक बक्से से राइफल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस बोली- हथियार रखने वालों पर रहेगी नजर अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हथियार रखने वाले बदमाश पुलिस की नजर से बच नहीं सकते। किसी भी आपराधिक घटना की योजना को सफल नहीं होने दिया जाएगा। पुलिस ऐसे लोगों पर लगातार नजर रख रही है और गुप्त सूचनाएं जुटा रही है। पुलिस की तकनीकी सेल भी बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखने में जुटी है। पुलिस ने आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है।
हथियार के इस्तेमाल की जांच जारी गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच जेल भेज दिया गया है। बरामद राइफल और कारतूस की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार का हाल में किसी आपराधिक घटना में इस्तेमाल हुआ था या नहीं और इसे रखने का मकसद क्या था।
