![]()
सावन की अंतिम सोमवारी आज है। इसके साथ देवघर का श्रावणी मेला अब ढलान की ओर पहुंच गया है। अंतिम सोमवारी को लेकर बाबाधाम में एक बार फिर आस्था का सैलाब उमड़ने की तैयारी है। जिला प्रशासन ने आज की सोमवारी को लेकर पूरी कमर कस ली है। अनुमान है कि तीसरी सोमवारी की तरह अंतिम सोमवारी पर भी करीब तीन लाख कांवरिए बाबा बैद्यनाथ के दरबार पहुंच सकते हैं। तीसरी सोमवारी के बाद कांवड़ियों की संख्या में कुछ कमी आई थी, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली थी। अब चौथी सोमवारी के करीब आते ही देवघर में फिर चहल-पहल बढ़ गई है। रविवार सुबह से ही देवघर की सीमा से सटे बिहार के इलाकों में कांवड़ियों की संख्या बढ़ने लगी थी। दोपहर बाद इसका असर बाबाधाम में भी दिखने लगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने रविवार को ही अधिक से अधिक कांवरियों को बाबा का दर्शन कराने का प्रयास शुरू कर दिया, ताकि सोमवार को दबाव कम रखा जा सके। डीसी-एसपी मुस्तैद, जवानों का बढ़ाया उत्साह अंतिम सोमवारी की चुनौती को देखते हुए डीसी और एसपी लगातार ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों और कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दे रहे हैं। दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पदाधिकारियों और कर्मियों को संबोधित कर उनमें उत्साह भरा और अंतिम सोमवारी में पूरी ताकत से ड्यूटी करने का निर्देश दिया। इसके बाद एसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ अलग से बैठक की। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि भीड़ प्रबंधन, कतार व्यवस्था और मंदिर परिसर में सुरक्षा को लेकर किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रशासन को उम्मीद है कि पहली, दूसरी और तीसरी सोमवारी की तुलना में इस बार कुछ राहत मिलेगी, लेकिन भीड़ बढ़ने की स्थिति को देखते हुए सभी इंतजाम पहले से मजबूत किए जा रहे हैं। नया QRT संभालेगा फुटओवरब्रिज की व्यवस्था अंतिम सोमवारी पर एक नए क्विक रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। श्रावणी मेला में पहले से 26 QRT काम कर रही हैं। मेला शुरू होने से पहले 22 QRT को कतार और पूजा व्यवस्था सुचारू रखने के लिए लगाया गया था। पहली सोमवारी को मंदिर के अंदर बाह्य अरघा में कांवरियों की भीड़ बढ़ने से अफरातफरी की स्थिति बनी थी। इसके बाद यहां चार नए QRT गठित किए गए। जसीडीह थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर दीपक कुमार के नेतृत्व में ये टीमें बाह्य अरघा में जलार्पण की कतार को व्यवस्थित करने के साथ मंदिर के अंदर से कांवरियों को जल्द बाहर निकालने का काम कर रही है। तीसरी सोमवारी में क्यू कॉम्प्लेक्स फुटओवरब्रिज की ओर जाने वाली भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था महसूस हुई थी। इसे देखते हुए अब वहां व्यवस्था संभालने के लिए नया QRT लगाया गया है। पानी और छिड़काव का इंतजाम अंतिम सोमवारी पर मौसम भी कांवरियों की परीक्षा ले सकता है। पिछले कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी और तेज धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ाई है। बारिश भी अपेक्षाकृत कम हुई है। पहली तीन सोमवारी के दौरान मौसम ने कांवरियों को काफी राहत दी थी। अंतिम सोमवारी पर अगर गर्मी और उमस का असर बना रहा तो लंबी कतार में खड़े कांवड़ियों को परेशानी हो सकती है। इसे देखते हुए प्रशासन ने पीने के पानी की पर्याप्त व्यवस्था की है। कतार में खड़े कांवड़ियों पर पानी का छिड़काव करने का भी इंतजाम किया गया है।
