![]()
मोतिहारी के सुगौली प्रखंड स्थित श्रीपुर भटवलिया सपहेरिया पंचायत के वार्ड संख्या-10 में रक्षाबंधन के अवसर पर पारंपरिक दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और पड़ोसी देश नेपाल से आए पहलवानों ने अपनी कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। देखें, मौके से आई तस्वीरें… प्रतियोगिता में नामचीन पहलवानों ने भाग लिया प्रतियोगिता का संचालन जिला कुश्ती कोच चुन्नू चौबे ने किया, जबकि आयोजन की अध्यक्षता शोभा पासवान ने की। दंगल में जोगिंद्र पहलवान, काला पहलवान, अमर यादव (मिर्जापुर, नेपाल), रामराज यादव (सहोदरा), सतन पहलवान, प्रमेन्द्र (दिल्ली), राहुल (दिल्ली), अमरजीत (महाराष्ट्र), पुसार (दिल्ली) और जयमंगल यादव (नेपाल) जैसे नामचीन पहलवानों ने भाग लिया। 1961 से लगातार चली आ रही परंपरा श्रीपुर भटवलिया में दंगल प्रतियोगिता की यह परंपरा वर्ष 1961 से लगातार चली आ रही है। रक्षाबंधन पर आयोजित यह दंगल अब क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। दंगल के साथ ही एक मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें मिठाई, खिलौने, घरेलू सामान और खान-पान की कई दुकानें लगाई गईं थीं। इस आयोजन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों सहित हजारों की संख्या में लोग उमड़े। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जेपी यादव, शैलेश कुमार, कैलाश पासवान, शंभू साह, जैतुल्लाह अंसारी, मोहसिन कमाल, बाबूलाल बैठा, जैनेंद्र मिश्र, पवन कुमार और जोगेंद्र यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अतिथियों ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।
