![]()
पलामू पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र से लगभग 443 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत दो करोड़ 21 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि तस्कर ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लाकर बिहार-झारखंड सीमा से सटे नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में उसका भंडारण करते थे। यहां से गांजे की खेप बिहार सहित अन्य क्षेत्रों में भेजी जाती थी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह तस्करी नेटवर्क पलामू, बिहार के औरंगाबाद और ओडिशा तक फैला हुआ है। एसपी को 28 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि नौडीहा बाजार के ग्राम महुरांव में बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी और भंडारण किया जा रहा है। इस सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई। दोनों आरोपी महुरांव गांव के ही निवासी छतरपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने महुरांव चौक के पास छापेमारी कर जमशेद आलम (25) और उसके भाई अली रजा (19) को एक आइसर ट्रक और टेम्पो से गांजा उतारते हुए रंगे हाथ पकड़ा। दोनों आरोपी महुरांव गांव के ही निवासी हैं। तलाशी के दौरान, पुलिस ने आइसर ट्रक में नारियल पानी (डाब) के बीच छिपाकर रखे गए 16 प्लास्टिक के बोरों से 424 छोटे-छोटे पैकेटों में रखा लगभग 443 किलोग्राम गांजा बरामद किया। जांच में बरामद पदार्थ के गांजा होने की पुष्टि हुई है। गांजे के अलावा, पुलिस ने आइसर ट्रक, एक टेम्पो और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार दोनों भाइयों से पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पलामू में 2.21 करोड़ का गांजा जब्त, दो भाई गिरफ्तार:नारियल पानी के ट्रक से उतारते रंगे हाथ पकड़े गए तस्कर, ओडिशा से ला रहे थे गांजा
