![]()
शेखपुरा जिले में राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के निर्देश पर ‘जाँच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का व्यापक संचालन किया जा रहा है। यह अभियान 1 सितंबर से शुरू होकर 30 नवंबर तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य समुदाय स्तर पर गैर-संचारी रोगों (NCD) की समय पर पहचान, आवश्यक जाँच, उपचार, परामर्श और फॉलो-अप सुनिश्चित करना है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर स्क्रीनिंग करेंगी। इस दौरान उच्च रक्तचाप, मधुमेह, सामान्य कैंसर (मुख, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा), हृदय रोग, NAFLD और COPD जैसे गैर-संचारी रोगों की पहचान की जाएगी। चिन्हित और संदिग्ध मरीजों को आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर कर जाँच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों पर विभिन्न जाँचें उपलब्ध होंगी। इनमें CBC, ब्लड शुगर, HbA1c, लिपिड प्रोफाइल, लिवर फंक्शन टेस्ट, किडनी फंक्शन टेस्ट, ECG, पैप स्मीयर, Vit-D, Vit-B12, T3, T4 और TSH शामिल हैं। इस अभियान के सफल संचालन के लिए जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. नौशाद आलम को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। उनके नेतृत्व में अभियान की विभिन्न गतिविधियों का समन्वय, अनुश्रवण और समीक्षा की जाएगी। जिला FLC प्रभाष पाण्डेय अभियान के संचालन में आवश्यक समन्वय और सहयोग प्रदान करेंगे, जबकि जिला कार्यक्रम प्रबंधक दयाशंकर निधि मानव संसाधन, जाँच किट, उपकरण, दवाओं और अन्य संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे और प्रखंड स्तर की गतिविधियों की नियमित समीक्षा करेंगे। सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार के मार्गदर्शन में जिला से लेकर प्रखंड और स्वास्थ्य संस्थान स्तर तक अभियान की सतत निगरानी की जाएगी। अभियान के दौरान सामने आने वाली कमियों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। आशा कार्यकर्ता और एएनएम घर-घर भ्रमण कर परिवारों का सर्वेक्षण करेंगी और CBAC के माध्यम से विशेष रूप से उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की पहचान करेंगी। वहीं CHO एवं ANM द्वारा 30 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्तियों की लंबाई, वजन एवं BMI सहित आवश्यक NCD स्क्रीनिंग की जाएगी। परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, उपचार एवं फॉलो-अप किया जाएगा। गंभीर एवं जटिल मामलों को उच्चतर स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा। अभियान के दौरान प्राप्त आंकड़ों की NCD पोर्टल पर रियल टाइम इंट्री सुनिश्चित करने के साथ-साथ नियमित अनुश्रवण एवं मूल्यांकन किया जाएगा। सिविल सर्जन संजय कुमार ने जिलेवासियों से अपील की है कि 30 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी व्यक्ति नियमित रूप से गैर-संचारी रोगों की जाँच कराएं तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा घर पर अथवा स्वास्थ्य संस्थान में स्क्रीनिंग के लिए पहुंचने पर आवश्यक सहयोग प्रदान करें। समय पर जाँच एवं उपचार से गंभीर बीमारियों एवं उनसे होने वाली जटिलताओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
शेखपुरा में 1 सितंबर से 'चिकित्सा आपके द्वार' अभियान:गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, उपचार पर जोर; 30 नवंबर तक चलेगा अभियान
