![]()
मोतिहारी के केसरिया थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार में पैसे के लेनदेन को लेकर एक स्वर्ण व्यवसायी के घर में घुसकर तेजाब से हमला किया गया। इस घटना में स्वर्ण व्यवसायी अमित कुमार उर्फ बिट्टू कुमार, उनकी पत्नी रिंकी कुमारी और उनका करीब ढाई वर्षीय बेटा यश घायल हो गए। तीनों का इलाज मुजफ्फरपुर में चल रहा है। तेजाब से झुलसे मासूम यश की हालत गंभीर है; वह पेशाब नहीं कर पा रहा है और उसे कैथेटर के सहारे रखा गया है। सिलसिलेवार जानिए पूरी घटना…. परिजनों के अनुसार, अमित कुमार ने केसरिया के गुंजन नामक व्यक्ति से लगभग 15 लाख रुपए सूद पर लिए थे। इसमें से करीब 10 लाख रुपये वापस किए जा चुके थे। आरोप है कि बकाया पांच लाख रुपए के सूद के एवज में गुंजन लगभग 40 लाख रुपए मूल्य की जमीन अपने नाम लिखवाना चाहता था, जिसके लिए अमित तैयार नहीं था। परिवार के साथ मारपीट के बाद एसिड फेका बताया जा रहा है कि अमित ने रविवार को केसरिया निबंधन कार्यालय में अपनी जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दी। इसकी जानकारी मिलने के बाद गुंजन अपने साथियों के साथ शाम में अमित के घर पहुंचा। आरोपी भी एसिड की चपेट में आया आरोप है कि घर में घुसकर अमित और उसके परिवार के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उन पर तेजाब फेंक दिया गया। तेजाब फेंकने के दौरान आरोपी भी इसकी चपेट में आकर घायल हो गया। घटना के बाद अमित, उनकी पत्नी और मासूम बेटे को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर ले जाया गया। रिंकी कुमारी का आरोप है कि उनके पति ने गुंजन से रुपये लिए थे और वे समय-समय पर मूलधन व सूद चुकाने की बात कहती रही थीं। इसके बावजूद उन्हें फोन पर धमकियां दी जा रही थीं। अमित के खिलाफ आरोपी ने FIR कराई मामले में एक और बात सामने आई है। परिजनों का आरोप है कि तेजाब हमले में घायल होने के बावजूद तेजाब फेंकने वाले व्यक्ति ने केसरिया थाना पहुंचकर उल्टे अमित कुमार के खिलाफ ही प्राथमिकी दर्ज करा दी। पीड़ित परिवार का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। घटना के बाद मासूम यश की हालत को लेकर परिजनों में चिंता बनी हुई है।
ढाई साल के मासूम सहित तीन पर एसिड अटैक:मोतिहारी में पैसे के लेनदेन विवाद में परिवार पर हमला, पीड़ित पर FIR का आरोप
