
कोलकाता से श्रीकांत शर्मा की रिपोर्ट
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में सियालदह स्टेशन पर सोमवार सुबह एक रेस्तरां में आग लग गयी. थोड़ी ही देर में पूरा रेस्तरां जलकर राख हो गया. सियालदह स्टेशन के बाहर बने फूड एक्सप्रेस रेस्तरां में आग लगने के तुरंत बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गयी.
आरपीएफ वालों ने भीड़ को किया नियंत्रित
ऑफिस का समय होने की वजह से उस समय स्टेशन पर काफी भीड़ थी. आग लगने बाद मौके पर मौजूद आरपीएफ अधिकारियों और सिपाहियों ने तुरंत स्थिति को संभाला. भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ घटनास्थल की बैरिकेडिंग की. यात्रियों के लिए आने-जाने का सुरक्षित रास्ता बनाया.
रेस्तरां की रसोई से फैली आग
सुबह करीब 9:15 बजे स्टेशन के मेन गेट के पास बने रेस्टोरेंट के कुकिंग एरिया में आग लगी. धीरे-धीरे आग ने पूरे रेस्तरां को अपनी चपेट में ले लिया. आग लगने की वजह से पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
ये भी पढ़ें: सियालदह स्टेशन के पास फूड कोर्ट में लगी आग, कोई हताहत नहीं
5 दमकल गाड़ियों ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल विभाग के कर्मियों ने रेस्तरां के शीशे तोड़कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया. घटना की सूचना मिलते ही स्थिति का जायजा लेने के लिए सियालदह मंडल के डीआरएम राजीव सक्सेना वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहुंचे और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिये.
पिछले साल भी फूड कोर्ट में लगी थी आग
सियालदह स्टेशन के पास पिछले साल (जनवरी 2025) भी फूड कोर्ट में आग लग गयी थी. तब दमकल विभाग के 4 इंजन ने आग पर काबू पाया था. उस समय भी कुकिंग एरिया से ही आग रेस्तरां में फैली थी.
The post सियालदह स्टेशन पर सुबह-सुबह रेस्तरां में लगी आग, चारों ओर फैला धुआं, मची अफरा-तफरी appeared first on Prabhat Khabar.
