![]()
बेतिया में मंगलवार को श्मशान घाट से संदिग्ध परिस्थितियों में 20 वर्षीय युवक का शव बरामद किया गया। घटना कुमारबाग थाना क्षेत्र के तुरहापट्टी तिवारी टोला वार्ड नंबर-5 की है। मृतक की पहचान तुरहापट्टी निवासी हरेंद्र साह के बेटे आदित्य कुमार के रूप में हुई है। मृतक के पिता हरेंद्र साह ने गांव के ही तीन युवकों पर पैसे के लेनदेन को लेकर अपने बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह कुछ युवक आदित्य को बिजली का काम कराने के बहाने घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। ग्रामीणों ने बाइक से श्मशान घाट की ओर जाते देखा इसके बाद, ग्रामीणों ने कथित तौर पर कुछ युवकों को मोटरसाइकिल पर सवार होकर श्मशान घाट की ओर जाते देखा था। कुछ समय बाद आदित्य के परिजनों को उसके श्मशान घाट में होने की जानकारी मिली। परिजन मौके पर पहुंचे, जहां आदित्य का शव जमीन पर पड़ा मिला। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही तीन थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए GMCH, बेतिया भेज दिया। घटनास्थल की तस्वीरें… जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची FSL की टीम पुलिस अधिकारियों ने बताया कि युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की है। मनुवा पुल थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल मामले से जुड़े सभी बिंदुओं की गहनता से जांच कर रही है।
बेतिया के श्मशान घाट पर मिला युवक का शव:परिजन ने 3 युवकों पर पैसे के लेन-देन में हत्या का लगाया आरोप
