Wednesday, September 2, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

गोड्डा में ब्राउन शुगर की 30 पुड़िया बरामद:घर से 10 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹1.28 लाख कैश और पैकिंग का सामान मिला


गोड्डा में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 1 सितंबर को नगर थाना क्षेत्र के गोढ़ी गांव में पुलिस ने छापेमारी कर करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। पुलिस ने मौके से बिरेन्द्र कुमार उर्फ बिरू (19), पिता अरुण यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार को मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने गोढ़ी गांव पहुंचकर बिरेन्द्र कुमार के घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही मौके पर मौजूद बिरेन्द्र को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद उसके घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान पुलिस को ब्राउन शुगर मिली, जिसे एल्युमिनियम फॉयल में अलग-अलग पुड़िया बनाकर रखा गया था। बरामद मादक पदार्थ को कुल 30 पुड़ियों में तैयार कर रखा गया था। पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 30 पुड़ियों में पैक थी ब्राउन शुगर पुलिस की तलाशी में केवल ब्राउन शुगर ही नहीं, बल्कि कई अन्य सामान भी बरामद किए गए हैं। घर से 1 लाख 28 हजार 688 रुपए नकद मिले हैं। इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और एल्युमिनियम फॉयल का एक रोल भी पुलिस ने जब्त किया है। ब्राउन शुगर को एल्युमिनियम फॉयल में 30 अलग-अलग पुड़ियों में रखा गया था। पुलिस इन बरामद सामानों को मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जोड़कर जांच कर रही है। इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और फॉयल मिलने से पुलिस को आशंका है कि मादक पदार्थ को तौलकर छोटी-छोटी पुड़ियों में तैयार किया जाता था। हालांकि, पूरे मामले में मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही नकद राशि के स्रोत और अवैध कारोबार में इसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है। युवाओं को नशे से बचाने के लिए जीरो टॉलरेंस गोड्डा पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को लेकर जीरो टॉलरेंस पॉलिसी अपनाने की बात कही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी तस्कर या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा। इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस के अनुसार, यदि किसी व्यक्ति को मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, तस्करी या इसके अवैध कारोबार से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो वह नजदीकी थाने या गोड्डा पुलिस को गोपनीय तरीके से सूचना दे सकता है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles