भरनो प्रखंड के तुरीअम्बा पंचायत भवन में मंगलवार को एसआईआर से संबंधित दावा-आपत्ति के निष्पादन को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर मतदाता सूची से संबंधित अपनी समस्याओं,त्रुटियों एवं दावे-आपत्तियों की जानकारी संबंधित कर्मियों को दी। शिविर में अंचल अधिकारी अविनाश कुजूर,प्रखंड प्रमुख पारस उरांव,मुखिया विनीता एक्का,कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मुख्तार आलम समेत एसआईआर कार्य से जुड़े कर्मी मौजूद रहे।अधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रामीणों से प्राप्त दावा-आपत्तियों को सुना तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित कार्यों का निष्पादन किया।शिविर के दौरान ग्रामीणों को एसआईआर प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी भी दी गई।ग्रामीणों से कहा गया कि मतदाता सूची में नाम,पता,उम्र अथवा अन्य किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से दावा-आपत्ति दर्ज कराएं,ताकि आवश्यक जांच के बाद सूची में सुधार किया जा सके।इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने दावा-आपत्ति से संबंधित फॉर्म भरकर संबंधित कर्मियों के समक्ष जमा किया।मौके पर मौजूद कर्मियों ने ग्रामीणों को फॉर्म भरने की प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग भी प्रदान किया।शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में एसआईआर से संबंधित कार्यों को सरल एवं सुगम बनाना तथा पात्र मतदाताओं को अपनी आपत्ति एवं दावे दर्ज कराने का अवसर उपलब्ध कराना रहा।अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे मतदाता सूची से संबंधित अपने दावे एवं आपत्तियां निर्धारित समयावधि में दर्ज कराएं।
