
बोलपुर से मुकेश तिवारी की रिपोर्ट
तस्वीर देखकर पहली नजर में ऐसा लग सकता है कि यह कोई नदी है. लेकिन यह नदी नहीं, बीरभूम जिले के बोलपुर शहर के 5 नंबर वार्ड के उदयनपल्ली इलाके का नजारा है. लगातार हो रही बारिश के कारण बुधवार को बोलपुर शहर के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया है. कई इलाकों में सड़कें और गलियां पूरी तरह जलमग्न हो गयी है. इसकी वजह से आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
2 से 6 नंबर वार्ड तक के इलाके जलमग्न
बोलपुर नगरपालिका के 2, 3, 5 और 6 नंबर वार्ड सहित कई इलाकों में बारिश का पानी जमा हो गया है. उदयनपल्ली समेत कुछ स्थानों पर स्थिति इतनी गंभीर है कि लोग कमर भर पानी में आवागमन करने को मजबूर हैं. निचले इलाकों में तो घर में पानी घुस गया है.
नगरपालिका की व्यवस्था ध्वस्त : सुकांत घोषाल
5 नंबर वार्ड में रहने वाले सुकांत घोषाल कहते हैं कि नगरपालिका की जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. 2-3 दिन से लगातार बारिश हो रही है. इलाके में बाढ़ जैसी स्थिति बन गयी है. गलियों और सड़कों पर तो पानी भर ही गया है, लोगों के घरों में भी पानी घुस गया है. पानी भरने के कारण जीव-जंतुओं का खतरा भी बढ़ गया है.
ये भी पढ़ें: कोलकाता और दक्षिण बंगाल में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, जानें आज 2 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम
2016-17 में भी लोगों ने देखी थी ऐसी स्थिति
स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्ष 2016-17 में भी इस क्षेत्र में ऐसी ही स्थिति देखने को मिली थी. एक बार फिर लगातार वर्षा ने नगरपालिका की पोल कोल दी है. लोगों के घरों के सामान बर्बाद हो गये हैं. कई लोग ऐसे हैं, जिनके बिस्तर तक गीले हो गये हैं. पीने के पानी की समस्या अलग से उत्पन्न हो गयी है.
ये भी पढ़ें: बंगाल में लो प्रेशर और साइक्लोन का असर, गरज-चमक के साथ वर्षा-वज्रपात का अलर्ट, चलेंगी तेज हवाएं
लोगों ने की पानी निकालने की मांग
नगरपालिका के नीचू बांध इलाके की स्थिति भी काफी खराब हो गयी है. जलजमाव ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगरपालिका तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करे. प्रभावित इलाकों से पानी निकालने के लिए जरूरी कदम उठाने की लोगों ने मांग की है.
ये भी पढ़ें: बंगाल में निम्न दबाव का क्षेत्र, झारखंड से बिहार तक साइक्लोन का असर, जानें कल कैसा रहेगा मौसम
5 वार्ड में बाढ़ जैसे हालात
स्थानीय लोगों ने पूछा कि 2 दिन की बारिश में ही बोलपुर शहर के कई वार्ड जलमग्न हो जाते हैं, तो शहर की मौजूदा जल निकासी व्यवस्था कितनी प्रभावी है? अभी पूरे इलाके में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं. अगर बारिश आगे भी जारी रही, तो शहर की स्थिति क्या होगी?
The post लगातार बारिश से डूबा बोलपुर शहर, उदयनपल्ली समेत कई वार्डों में बाढ़ जैसे हालात appeared first on Prabhat Khabar.
