Thursday, September 3, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

पलामू में विधायक आवास के पास मर्डर:स्कॉर्पियो रोककर बात कर रहे युवक की कनपटी में मारी गोली, भागने के दौरान दो और गोलियां लगीं


पलामू के हुसैनाबाद में बुधवार रात विधायक संजय कुमार सिंह यादव के आवास के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात पुरन्दरबिगहा गांव के पास जपला-दंगवार मुख्य सड़क पर हुई। मृतक की पहचान कचरा गांव निवासी भुनेश्वर सिंह के बेटे ओम प्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह (32) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार छोटू सिंह अपनी स्कॉर्पियो सड़क किनारे खड़ी कर किसी व्यक्ति से बात कर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर वहां पहुंचा और उनकी कनपटी में गोली मार दी। अचानक हुए हमले के बाद छोटू ने जान बचाने के लिए स्कॉर्पियो का गेट खोला और वहां से भागने की कोशिश की। लेकिन हमलावर ने उन्हें निशाना बनाते हुए दो और गोलियां चला दीं। गोली लगने के बाद घायल छोटू मुख्य सड़क से कुछ दूर जाकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बाइक पर सवार होकर दंगवार की ओर फरार हो गया। मृतक का रहा है आपराधिक इतिहास, दर्जनों मामले दर्ज पुलिस के अनुसार ओम प्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और शराब तस्करी से जुड़े आठ आपराधिक मामले दर्ज थे। वह कुछ महीने पहले ही जेल से बेल पर बाहर आया था। छोटू सिंह मूल रूप से कचरा गांव का रहने वाला था, लेकिन फिलहाल जपला के सिद्धनाथ पेट्रोल पंप के पास शिवशक्ति नगर में परिवार के साथ रह रहा था। घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के इलाके में छानबीन शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों और संभावित सुरागों को खंगाला जा रहा है। पुलिस हमलावर की पहचान के साथ हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। मौके पर दूसरी संदिग्ध बाइक भी दिखी पुलिस के अनुसार घटना के समय मौके पर एक और संदिग्ध मोटरसाइकिल भी देखी गई थी। फायरिंग के बाद वह बाइक भी वहां से निकल गई। इससे पुलिस को आशंका है कि वारदात में एक से अधिक लोगों की भूमिका हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। फिलहाल पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव और लोगों में आक्रोश का माहौल बन गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाने के साथ हमलावरों तक पहुंचने के लिए सभी संभावित सुरागों की पड़ताल कर रही है। हत्या के विरोध में सड़क पर उतरे लोग हत्या के बाद आक्रोशित लोगों ने देर रात जपला-छतरपुर मुख्य सड़क को सिद्धनाथ पेट्रोल पंप के पास जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाए और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। सड़क जाम के कारण देर रात से सुबह तक आवागमन प्रभावित रहा। मौके पर हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और प्रदर्शनकारियों व मृतक के परिजनों को समझाने का प्रयास करते रहे। प्रशासन की पहल और आश्वासन के बाद सुबह करीब 7:30 बजे जाम समाप्त हुआ। इसके बाद मृतक के परिजन ओम प्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। उनके साथ हुसैनाबाद पुलिस भी मौजूद रही।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles