राजनगर थाना क्षेत्र के रांजड़ और छोटाकांकी गांव के बीच स्थित चेकडैम में मंगलवार को नहाने के दौरान तेज बहाव में बहकर लापता हुए करीब 28 वर्षीय युवक प्रद्युम्न कुंभकार का शव बुधवार की सुबह 8 बजे छोटाकांकी पुराने डैम में मिला। 18 घंटे बाद शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार प्रद्युम्न कुंभकार मंगलवार को स्कूली बच्चों को वाहन से पहुंचाकर वापस लौटने के बाद डैम में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने और पानी का बहाव तेज होने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी की तेज धारा में बहकर लापता हो गया। उसके साथ दो अन्य भी नहा रहे थे, जो किसी तरह तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल डैम और आसपास के नदी क्षेत्र में युवक की तलाश शुरू कर दी। प्रशासन और गोताखोरों के रातभर खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। बुधवार की सुबह करीब 8 बजे छोटाकांकी पुराने चेकडैम की झाड़ी में युवक का शव दिखाई दिया। शव मिलने की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक शादीशुदा था, उसकी दो छोटी बच्चियां हैं।

