![]()
बांका के धोरैया थाना क्षेत्र के महिला गांव में शनिवार की शाम नदी में डूबने से 48 वर्षीय सुभाष ठाकुर की मौत हो गई। बताया गया कि सुभाष मानसिक रूप से कमजोर थे। वह महिला गांव से सेनचक गांव जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान पुल से जाने के बजाय नदी में तैरकर पार करने लगे। नदी में तेज बहाव होने के कारण वह पानी की धारा में बह गए और डूब गए। पुल से गुजर रहे लोगों ने देखा हादसा लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था। इसी दौरान पुल से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर नदी में डूब रहे सुभाष पर पड़ी। लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और नदी में उनकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद नदी से निकाला ग्रामीणों ने काफी देर तक नदी में खोजबीन की। मशक्कत के बाद सुभाष को नदी से बाहर निकाला गया। परिजन आनन-फानन में उन्हें धोरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल सुभाष की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों के बीच चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी पूनम देवी समेत चार पुत्र और एक पुत्री का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव धोरैया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
नदी पार करना पड़ा महंगा,तेज बहाव में डूबने से मौत:बांका के धोरैया में हादसा, पुल के बजाय नदी में उतरकर कर रहे थे पार
