![]()
ट्रेनों में तेजी से भर रही हैं सीटें; विमानों का किराया भी चढ़ा दशहरे की छुट्टियों में इस बार रांची के लोगों का सफर सिर्फ घूमने-फिरने तक सीमित नहीं है, बल्कि धार्मिक स्थलों के दर्शन पर निकलने की तैयारी भी तेज हो गई है। परिवार के साथ छुट्टियां बिताने और धार्मिक स्थलों पर जाने के लिए लोगों ने ट्रेन, फ्लाइट और बसों में अभी से टिकट बुक कराना शुरू कर दिया है। इसका असर बुकिंग पर साफ दिखाई दे रहा है। 8 से 20 अक्टूबर के बीच प्रयागराज, पुरी, देवघर, जम्मू और दिल्ली जाने वाली कई ट्रेनों में सीटें तेजी से भर रही हैं। कई ट्रेनों में स्लीपर की ज्यादातर सीटें फुल हो चुकी हैं, तो किसी में एसी श्रेणी में गिनी-चुनी सीटें ही बची हैं। कई ट्रेनों में वेटिंग और आरएसी की स्थिति भी बन गई है। वहीं फ्लाइट्स में भी डिमांड बढ़ने और डायनेमिक फेयर के कारण किराया बढ़ने लगा है। खास बात यह है कि यात्रियों की पसंद में इस बार धार्मिक शहर सबसे ऊपर नजर आ रहे हैं। कोई काशी विश्वनाथ मंदिर और अयोध्या में रामलला के दर्शन की तैयारी कर रहा है, तो कोई पुरी के जगन्नाथ मंदिर व देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम जाने की योजना बना रहा है। दशहरे की लंबी छुट्टियों ने इस धार्मिक पर्यटन को और रफ्तार दे दी है। ट्रेनों में बढ़ती बुकिंग बता रही है कि इस बार रांची से बड़ी संख्या में लोग ‘देव दर्शन’ के साथ दशहरा मनाने की तैयारी में हैं। किस ट्रेन में कितनी सीटें बुक हुईं रांची से कोलकाता
18616 रांची-हावड़ा क्रियायोग एक्सप्रेस: स्लीपर में करीब 75% सीटें फुल। 15,16 और 17 अक्टूबर को स्लीपर में आरएसी।
18628 रांची-हावड़ा इंटरसिटी: एसी बोगियों में 35 से 75 सीटें ही उपलब्ध। नॉन एसी चेयरकार में भी टिकट तेजी से बुक हो रहे हैं।
रांची से प्रयागराज
12873 हटिया-आनंदबिहार टीआरएम: सेकेंड-थर्ड एसी में 1 से 6 सीटें उपलब्ध। स्लीपर में वेटिंग।
12877 रांची-नईदिल्ली गरीब रथ : अक्टूबर में सभी दिन वेटिंग, 7 से 30 वेटिंग।
18609 रांची-एलटीटी एक्स.: 7, 14 और 21 अक्टूबर को सभी श्रेणियों में वेटिंग।
रांची से पुरी
18451 तपस्विनी एक्सप्रेस: एक-दो दिन छोड़कर सभी श्रेणियों की सीटें 80 प्रतिशत से ज्यादा फुल।
रांची से जम्मू और दिल्ली
18309 संबलपुर -जम्मू : सप्ताह में दो दिन, एसी बोगियों और स्लीपर में ज्यादातर दिन वेटिंग या आरएसी।
12817 हटिया-आनंदविहार : 16 से 21 अक्टूबर के बीच कई दिन वेटिंग या सीटें काफी कम।
रांची से देवघर
18603 रांची-गोड्डा एक्सप्रेस : स्लीपर क्लास में 80% से ज्यादा सीटें फुल।
15027 संबलपुर- गोरखपुर एक्सप्रेस : स्लीपर में दस प्रतिशत सीटें भी उपलब्ध नहीं, कई तिथियों में वेटिंग। दुर्गा पूजा में कोलकाता का हवाई किराया बढ़ा
कोलकाता में दुर्गा पूजा के भव्य पंडालों को देखने के लिए इस बार भी देशभर से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसका असर हवाई किराए पर भी दिखने लगा है। कोलकाता आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से हवाई टिकटों की मांग बढ़ गई है। 16 से 24 अक्टूबर तक कोलकाता का सामान्य फ्लाइट किराया 5500 से 10000 रुपए तक पहुंच गया है। सामान्य दिनों में इसी रूट का किराया करीब 4,000 रुपए रहता है। यानि पूजा के दौरान यात्रियों को करीब 1500 से 6000 रुपए तक अधिक खर्च करने पड़ रहे हैं। इसका असर अन्य प्रमुख शहरों के किराए पर भी पड़ा है। दिल्ली, चेन्नई, भुवनेश्वर, मुंबई और पटना के लिए फ्लाइट किराया सामान्य दिनों की तुलना में 10 से 25 प्रतिशत तक अधिक है। ऐसे में पूजा के दौरान कोलकाता आने-जाने की योजना बना रहे यात्रियों को टिकट के लिए अधिक राशि खर्च करनी पड़ेगी। बढ़ी बुकिंग, दशहरे में बसें फुल होने की उम्मीद : एसोसिएशन
टूर एंड ट्रैवल एजेंट एसोसिएशन ऑफ झारखंड के अध्यक्ष अमरदीप सहाय ने बताया कि ट्रेन में बुकिंग खुलते ही यात्री तेजी से टिकट करा रहे हैं। इस बार धार्मिक स्थलों की ओर जाने का रुझान अधिक है। बसों को लेकर पूछताछ शुरू हो गई है। यात्री वाराणसी, देवघर, छत्तीसगढ़ और कोलकाता के लिए जानकारी ले रहे हैं। सहाय के अनुसार, 5 अक्टूबर के बाद दशहरे की छुट्टियों में बसों में भारी भीड़ रहेगी। अगले कुछ दिनों में बसों की सीटें तेजी से बुक हो सकती हैं। वहीं, 7-8 अक्टूबर से लेकर विजयादशमी तक ट्रेनों की बुकिंग में भी तेजी आई है और कई ट्रेनों में वेटिंग चल रही है। कोलकाता में देश का सबसे बड़ा दुर्गा पूजा आयोजन होने के कारण रांची से कोलकाता के लिए भी बड़ी संख्या में लोग बुकिंग करा रहे हैं।
धार्मिक स्थलों पर जाने वाली ट्रेनें फुल:दशहरे की छुट्टियों में रांची के लोगों का टूर प्लान तैयार
