![]()
सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामविशनपुर स्थित एनएच-27 पर रविवार शाम करीब 6:30 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टीपीडी पंप के समीप पिचिंग मशीन की चपेट में आने से बाइक सवार 22 वर्षीय नीरज कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को गश्ती वाहन से राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान फिंगलास पंचायत के बतरान चकला निवासी सुंदर साह के पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई। देखें, मौके से आई तस्वीरें… सिमराही बाजार जाने के दौरान हुआ हादसा परिजनों के अनुसार नीरज बाइक से सिमराही बाजार जा रहा था। इसी दौरान बतरान चौक की ओर से आ रही पिचिंग मशीन की चपेट में उसकी बाइक आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नीरज गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। डेढ़ साल पहले हुई थी शादी, सात माह की गर्भवती है पत्नी नीरज की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले वर्षा कुमारी से हुई थी। उसकी पत्नी सात माह की गर्भवती है। परिवार जल्द ही घर में आने वाले नए सदस्य के स्वागत की तैयारी में था, लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। नीरज अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इकलौते बेटे की मौत से मां बदहवास अस्पताल में शव देखते ही नीरज की मां बदहवास हो गईं। परिजनों के मुताबिक वह बार-बार बेटे को याद कर रो रही थीं। सदमे के कारण उनकी हालत बिगड़ गई और वह कई बार बेहोश हुईं। पत्नी, साला संतोष कुमार साह समेत अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। निर्माण कार्य में सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने एनएच-27 पर चल रहे निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। लोगों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर भारी मशीनों और वाहनों के परिचालन के दौरान यातायात नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों ने जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। पिचिंग मशीन जब्त करेगी पुलिस पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कराई जा रही है। हादसे में शामिल पिचिंग मशीन को जब्त कर थाने लाया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पिचिंग मशीन से टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत:सुपौल के राघोपुर में हादसा, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल; ग्रामीणों ने सड़क जाम की

