![]()
भोजपुर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धमार गांव में सोमवार को बाढ़ के पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धमार गांव के रहने वाले राधाकिशुन पासवान के 36 साल के बेटे चितरंजन पासवान के रूप में हुई है। चितरंजन पेशे से मजदूर था। घटना की जानकारी देते हुए माले नेता दिलराज प्रीतम उर्फ गुड्डू ने बताया कि पूरे भोजपुर में बाढ़ का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। धमार गांव निवासी चितरंजन पासवान घर से बाहर निकले थे और खेत की ओर गए थे। पैर फिसलने से बाढ़ के पानी में गिरकर डूबा चितरंजन उन्होंने बताया कि खेत में पैर फिसलने से चितरंजन गिरकर पानी से भरे गड्डे में डूब गया और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर जानकारी स्थानीय थाना एवं जिला प्रशासन को दी। जिसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने शव को पानी से बाहर निकला। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया। भोजपुर में अब तक बाढ़ में 26 लोगों की डूबकर मौत माले नेता दिलराज प्रीतम उर्फ गुड्डू ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अब तक पूरे भोजपुर में लगभग बाढ़ के पानी में डूबने से 26 लोगों की मौत हो गई है। उन सभी परिवारों को जो भी आपदा के अंतर्गत मुआवजा मिलना होता है। उससे मिलने में तीन से छह महीने लग जाता है। उसे तत्काल जिला प्रशासन उनके परिवारों को देने काम करे। उधर, घटना की सूचना पाकर जीप सदस्य भीम यादव आरा सदर अस्पताल पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिल घटना की जानकारी ली। बताया जाता है कि मृतक अपने पांच बहन व तीन भाई में तीसरे स्थान पर था। उसके परिवार में मां सुरसातो देवी पत्नी पूनम देवी, तीन पुत्री सपना, विद्या रितु व दो पुत्र कृष एवं दिव्यांशु है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। उसकी मां सुरसातो देवी, पत्नी पूनम देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बाढ़ के पानी में डूबने से युवक की मौत:घर से शौच करने के लिए निकला था,पैर फिसलने से गहरे पानी में जाने से हुई मौत
