![]()
जामताड़ा जिले के गोबिंदपुर-साहेबगंज हाईवे पर गुरुवार को एक सड़क हादसा हो गया। नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरीडीह वन गांव के पास मोटरसाइकिल और स्कूटी की टक्कर हो गई। इस हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों ने सभी घायलों को नारायणपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। घायलों की पहचान करमाटांड़ थाना क्षेत्र के हिरणानगर निवासी मोहम्मद फिरोज (30), उनकी पत्नी आसमुन खातून (28), बेटी जोया खातून (8), अलिसवा खातून (3) और दो महीने के बेटे सरजान बादशाह के रूप में हुई है। घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की बताया गया कि परिवार के सभी सदस्य मोटरसाइकिल से अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। कोरीडीह वन के पास सामने से आ रही स्कूटी से उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। नारायणपुर अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी घायलों का शुरुआती इलाज किया। मोहम्मद फिरोज की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगे के इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। बाकी घायलों का इलाज नारायणपुर में ही किया गया। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गोबिंदपुर हाईवे पर बाइक-स्कूटी की टक्कर में 5 घायल:दंपती और 3 बच्चे जख्मी, पांचों एक ही बाइक पर थे सवार; गंभीर फिरोज धनबाद रेफर
