Friday, September 11, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

साहिबगंज में बाढ़ का कहर, 5 साल की बच्ची डूबी:गंगा का जलस्तर 28.70 मीटर पहुंचा, 4 साल का रिकॉर्ड टूटा; NDRF की टीम तैनात


साहिबगंज जिले में गंगा नदी में आई बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पिछले चार सालों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए गुरुवार शाम को गंगा का जलस्तर 28.70 मीटर तक पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग ने शुक्रवार को जलस्तर और बढ़ने का अनुमान जताया है। साहिबगंज में जलस्तर की चेतावनी रेखा 26.5 मीटर है। गुरुवार को तालझारी प्रखंड के मोतीझरना, कल्याणी और मसकलैया पंचायत के कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। कल्याणी पंचायत में लगभग 2000 घर और करीब 2000 पशु सीधे तौर पर बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। वाहन के मुखिया ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए गुरुवार को डीसी दीपक कुमार दुबे ने मोटर बोट से सदर प्रखंड के हर प्रसाद, बड़ा रामपुर, दुर्गा टोला और बलुआ टोला सहित अन्य इलाकों का दौरा किया। उन्होंने लोगों के हालात जाने और राहत व बचाव कार्य की जानकारी ली। गुरुवार को एनडीआरएफ की टीम भी पूरी तरह से तैयार दिखी। डीसी दीपक कुमार दुबे ने बताया कि प्रशासन बाढ़ पीड़ितों को हर संभव मदद देने के लिए सजग है और सहायता पहुंचाई जा रही है। साहिबगंज जिले के राजमहल प्रखंड के गांवों में भी बाढ़ का पानी भर जाने से परेशानी बढ़ गई है। वहीं, पाकुड़ जिले के सदर प्रखंड के निचले इलाकों में भी जल जमाव की स्थिति बनी हुई है। गुरुवार को पाकुड़ मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के फरसा गांव में सादिकुल मोमीन की 5 साल की बेटी शरमीन खातून बाढ़ के पानी में डूब गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गौरव कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत गोताखोरों को बुलाया। गोताखोरों को बच्ची की तलाश के लिए पानी में उतारा गया, लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी शरमीन का कोई सुराग नहीं मिल पाया। शुक्रवार को भी बच्ची की तलाश जारी है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles