![]()
मोतिहारी में पुलिस विभाग से जुड़ी एक खबर सामने आई है। नगर थाना के दो सिपाही रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में अवैध वसूली करते हुए ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंची नगर और रघुनाथपुर थाना की पुलिस ने दोनों सिपाहियों को गिरफ्तार कर लिया। यह घटना रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के मजुराहा गांव की है। नगर थाना में तैनात सिपाही रजनीश और आशीष अपनी बाइक फायरिंग क्लब के पास लगाते थे। वे वाहन जांच के नाम पर लोगों से अवैध वसूली करते थे। बताया गया कि वे मजुराहा के वार्ड पार्षद पति राकेश सिंह से भी पांच हजार रुपये वसूल चुके हैं। बीती रात दोनों एक पान दुकानदार को धमका रहे थे। सिविल ड्रेस में थे सिपाही इसी दौरान ग्रामीणों को उनके फर्जी होने का शक हुआ। रोज वर्दी में आने वाले ये सिपाही उस दिन सिविल ड्रेस में थे। वे खुद को एसपी की एसआईटी टीम का सदस्य बता रहे थे। शक होने पर ग्रामीण वहां जमा हो गए। उन्होंने दोनों को पकड़कर रघुनाथपुर थाना को सूचना दी। जांच के बाद पता चला कि दोनों नगर थाना के सिपाही हैं। दोनों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि वे कब से यह काम कर रहे थे। साथ ही, इस अवैध वसूली में उनके अलावा और कोई शामिल है या नहीं। पकड़े गए सिपाहियों में रजनीश राजीव कुमार नालंदा का निवासी है। दूसरा सिपाही आशीष कुमार सुपौल का रहने वाला है। हाल ही में दोनों की तैनाती नगर थाना में हुई थी। ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़ा इस मामले पर रघुनाथपुर थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने दो युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंपा है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नगर थाना के 2 सिपाही अवैध वसूली करते पकड़े गए:मोतिहारी के रघुनाथपुर में ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
