![]()
सीतामढ़ी जिले के पुपरी थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। यह हादसा जनकपुर रोड क्षेत्र के आवापुर हाईस्कूल के पास शनिवार शाम करीब 4 बजे हुआ। मृतक की पहचान गाढ़ा वार्ड नंबर-08 निवासी दीपक मुखिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपक अपने बड़े भाई के साले को पुपरी से आवापुर पहुंचाने आया था। इसी दौरान आवापुर हाईस्कूल के पास सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से भाग गया। गुस्साए लोगों से बातचीत कर मामले को कराया शांत घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। युवक की मौत से नाराज लोगों ने सड़क पर बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया और प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पर असर पड़ा। सूचना मिलने पर पुपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गुस्साए लोगों से बातचीत कर मामले को शांत कराया। पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा शव पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम खत्म किया। पुपरी थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात वाहन और चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
सीतामढ़ी में अज्ञात गाड़ी ने युवक को रौंदा, मौत:भाई के साले को छोड़ने निकला था, नाराज लोगों ने सड़क जाम किया
