![]()
झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार आज आसमान में बादल छाए रहने तथा राज्य में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघ गर्जन के आसार हैं। कल भी बादल छाए रहने की स्थिति बनी रहेगी। वहीं, राज्य के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है। 15 और 16 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश के साथ मेघ गर्जन हो सकता है। 17 सितंबर को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। राज्य के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघ गर्जन की संभावना है। 18 सितंबर को भी बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश या मेघ गर्जन होने का अनुमान है। तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। मौसम की चेतावनी के तहत 16 सितंबर तक राज्य में कहीं-कहीं मेघ गर्जन हो सकती है। वज्रपात के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 17 और 18 सितंबर के लिए मौसम की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। पूर्वानुमान मध्य, दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी झारखंड के सभी संबंधित जिलों के लिए जारी किया गया है। धनबाद के गोविंदपुर में 58.4 मिमी बारिश पिछले 24 घंटे में झारखंड के लगभग सभी हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार सबसे अधिक 58.4 मिमी बारिश धनबाद के गोविंदपुर में दर्ज की गई। राज्य में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान में 2.1 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई, जबकि कुछ स्थानों पर तापमान सामान्य से नीचे रहा। पाकुड़ में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लातेहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री रहा। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ। झारखंड के मौसम पर दक्षिण छत्तीसगढ़ में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर बना हुआ है। मानसून ट्रफ भी सक्रिय है, जिससे राज्य में बारिश की गतिविधि बनी रहने के संकेत हैं। झारखंड में बारिश सामान्य से 4% कम 1 जून से 12 सितंबर तक झारखंड में 866.4 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य वर्षापात 899.6 मिमी है। आंकड़ों के अनुसार राज्य में बारिश 4% कम है। हालांकि कई जिलों में अच्छी बारिश हुई है। सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम में 1306.8 मिमी हुई, जो सामान्य से 45% अधिक है। सरायकेला-खरसावां में 1043.5 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 16% अधिक है। लातेहार में 1049 मिमी (15%), रांची में 1048.4 मिमी (14%) और लोहरदगा में 917 मिमी (5%) बारिश दर्ज की गई। पूर्वी सिंहभूम में भी 1029.6 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 6% अधिक है। 9 जिलों में 20% से अधिक की कमी बारिश की कमी वाले जिलों में पाकुड़ सबसे पीछे है। यहां 527.9 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 48% कम है। चतरा में 34%, देवघर में 30%, गुमला में 27%, गिरिडीह में 22%, हजारीबाग में 22%, कोडरमा में 23%, साहिबगंज में 24% और गढ़वा में 19% कम बारिश हुई है। दुमका और बोकारो में 11%, धनबाद में 4%, खूंटी में 5% और रामगढ़ में 7% कमी दर्ज की गई। वहीं जामताड़ा में बारिश सामान्य के करीब रही, जहां विचलन महज 1% कम है। कोल्हान में 34 डिग्री तक पहुंचेगा पारा झारखंड में आज अधिकतम तापमान 28 से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। पाकुड़ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री, गोड्डा में 33, दुमका में 32 और साहिबगंज में 32 डिग्री तक पहुंच सकता है। देवघर, धनबाद, गिरिडीह और जामताड़ा में अधिकतम तापमान करीब 31-32 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं पश्चिमी और मध्य झारखंड के कई हिस्सों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहेगा। लातेहार और रामगढ़ में अधिकतम तापमान 28-29 डिग्री, जबकि रांची, खूंटी और हजारीबाग में 28-29 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान अधिकांश जिलों में 21 से 26 डिग्री के बीच रहेगा। कोल्हान में 34 डिग्री तक पहुंचेगा पारा दक्षिणी झारखंड में भी तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं। पूर्वी सिंहभूम में अधिकतम तापमान 32 डिग्री, सरायकेला-खरसावां में 32 और पश्चिमी सिंहभूम में 31 डिग्री रहने का अनुमान है। सिमडेगा में पारा 31 डिग्री तक रह सकता है। मध्य झारखंड में बोकारो में 30 और रामगढ़ में 29 डिग्री तापमान का अनुमान है। पलामू और गढ़वा में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री रह सकता है। पांच दिनों के पूर्वानुमान में कुछ जिलों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ने के संकेत हैं। वहीं न्यूनतम तापमान में बहुत बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। रांची में 13 सितंबर को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
रांची, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग में आज बारिश:30-40 km/h की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, तापमान में 3°C बढ़ोतरी, पाकुड़ में सबसे कम बारिश
