![]()
भास्कर न्यूज | बोकारो थर्मल झारखंड श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग के नियोजनालय बोकारो थर्मल की ओर से शनिवार को एक दिवसीय भर्ती कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में दो कंपनियों ने भाग लिया। कुल 336 पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। इसमें एलएंडटी कंस्ट्रक्शन स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, पश्चिम बंगाल की ओर से 90 पद तथा साक्षी सिक्योरिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, जमशेदपुर की ओर से 246 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। भर्ती कैंप में बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने हिस्सा लिया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एलएंडटी कंस्ट्रक्शन स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट ने 9 युवाओं तथा साक्षी सिक्योरिटी कंपनी ने 2 युवाओं का रोजगार के लिए चयन किया। दोनों कंपनियों की ओर से कुल 11 चयनित अभ्यर्थियों को नियोजन पत्र प्रदान किया गया। नियोजन पदाधिकारी मो. इमरान फारूकी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार से जोड़ना है। इसी उद्देश्य से नियोजनालय की ओर से समय-समय पर भर्ती कैंप आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नियोजनालय में अपना निबंधन अवश्य कराएं और आने वाले भर्ती कैंपों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। इससे अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। मौके पर उच्चवर्गीय लिपिक सुभाष कुमार, अनुसेवक गणेश कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर रामेश्वर मुर्मू आदि मौजूद थे।
336 पदों के लिए निकाली गई भर्ती कैंप, 11 युवाओं को मिला रोजगार
