
Indian Railways News: भारतीय रेलवे के सियालदह मंडल द्वारा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुनील कुमार महाला के नेतृत्व में 3 प्रमुख उपनगरीय सेक्शनों सियालदह–कृष्णनगर, सियालदह–कैनिंग और सियालदह–बनगांव में गहन टिकट जांच एवं यात्री जागरूकता अभियान चलाया गया. इसका उद्देश्य यात्रियों से संवाद कर यात्रा नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाना और ट्रेनों एवं स्टेशन परिसरों में बेहतर नागरिक व्यवहार को प्रोत्साहित करना था.
346 बेटिकट यात्री पकड़े गये
अभियान के दौरान जांच टीमों ने कुल 657 मामले पकड़े. जांच दल ने इन मामलों में 2,53,265 रुपए का जुर्माना वसूला. इनमें बिना वैध टिकट यात्रा करने वाले 346 यात्री, बिना बुक किये गये अथवा निर्धारित सीमा से अधिक सामान के 297 मामले, थूकने एवं गंदगी फैलाने के 14 मामले शामिल थे. जुर्माना वसूलने के साथ-साथ जांच दलों ने यात्रियों को वैध यात्रा टिकट खरीदने तथा निर्धारित सामान सीमा का पालन करने के महत्व के बारे में भी जागरूक किया.
ये भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल समेत 5 राज्यों को भारतीय रेल की सौगात, 10783 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट देगा ट्रेनों को रफ्तार
अभियान का उद्देश्य- बना टिकट यात्रा पर रोक लगाना
इस गहन अभियान का मुख्य उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर अंकुश लगाना तथा वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करना था. साथ ही, कोचों एवं प्लेटफॉर्मों में स्वच्छता बनाये रखने के लिए थूकने और गंदगी फैलाने जैसी आदतों से बचने के प्रति यात्रियों को संवेदनशील किया गया. दैनिक यात्रियों को सुरक्षित ढंग से ट्रेन में चढ़ने तथा जिम्मेदार यात्रा व्यवहार अपनाने के लिए भी जागरूक किया गया.
ये भी पढ़ें: भारतीय रेलवे के 3 नेशनल कॉरिडोर का जंक्शन बनेगा हावड़ा स्टेशन, जानें क्या है मेगा-प्लान
आगे भी जारी रहेंगे ऐसे अभियान : मंडल रेल प्रबंधक
मंडल रेल प्रबंधक राजीव सक्सेना ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल नियमों को लागू करना नहीं, प्रत्येक यात्री के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा की संस्कृति विकसित करना है. हम सभी यात्रियों से अपील करते हैं कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ यात्रा करें. स्टेशन परिसरों को स्वच्छ बनाये रखने में रेलवे का सहयोग करें. उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
The post सियालदह मंडल के 3 रूट पर चला विशेष टिकट जांच अभियान, 657 मामलों में 2.53 लाख की वसूली appeared first on Prabhat Khabar.
