![]()
भास्कर न्यूज |इचाक इचाक प्रखंड के मोकतमा गांव स्थित बाबा मोक्तेश्वर शिवालय में ग्रामीणों के सौजन्य से शनिवार को 24 घंटे के अखंड हरिकीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। पुरोहित ने विधिवत देवी-देवताओं का आवाहन किया। पूजा-अर्चना और सामूहिक प्रार्थना के बाद हरिकीर्तन की शुरुआत पूर्वाह्न 11:45 बजे की गई। रविवार को पूर्वाह्न 11:45 बजे तक हरे राम, हरे राम, राम राम, हरे हरे-हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण, हरे हरे के मधुर बोल गूंजते रहे। पूरा शिवालय परिसर भक्तिमय हो गया। ढोलक, झाल और मंजीरा की थाप पर महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने 24 घंटे तक लगातार हरि नाम में लीन रहने का संकल्प लिया। इस अखंड कीर्तन में मोकतमा के अलावा मंगुरा, करियातपुर, जमुआरी, फुरुका, कनौदी समेत आसपास के कई गांवों के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी भक्ति रस में सराबोर नजर आए। रात भर चले इस कीर्तन में श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से कीर्तन मंडली का साथ दिया। मंदिर परिसर में भक्तों की आस्था और उत्साह देखते ही बन रहा था। कई श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचकर पूजा-अर्चना में शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्र की खुशहाली की प्रार्थना की। ग्रामीणों ने बताया कि सैकड़ों वर्षों से प्रत्येक वर्ष यह कार्यक्रम होता रहा है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सद्भाव, सुख-समृद्धि और भाईचारे की कामना करना है। ग्रामीणों का मानना है कि सामूहिक हरिकीर्तन से नकारात्मकता दूर होती है। गांव में शांति बनी रहती है। भास्कर न्यूज | हजारीबाग रोजबड विद्यालय में शनिवार को विज्ञान-प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा 5 से 10 तक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एक से बढ़कर एक आकर्षक विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में वर्ग दशम के प्रियांशु, अमित, अनमोल, राहुल और यश के ग्रुप द्वारा बनाए गए बाढ़ नियंत्रण मॉडल को प्रथम स्थान मिला। वहीं, द्वितीय स्थान पर वर्ग नवम के सिद्धू ग्रुप का पृथ्वी की बैटरी मॉडल रहा। इसके अलावा, तृतीय स्थान संयुक्त रूप से वर्ग नवम के खुशी ग्रुप द्वारा तैयार डी.एन.ए. मॉडल और वर्ग आठवीं के मयंक ग्रुप द्वारा तैयार फन सिटी मॉडल को दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विनोबा भावे विश्वविद्यालय के रसायन शास्त्र विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. कौशलेन्द्र कुमार तथा इतिहास विभाग के प्रो. हितेंद्र अनुपम उपस्थित रहे। अतिथियों ने बच्चों के वैज्ञानिक कौशल और मॉडलों को देखकर गहरी खुशी व्यक्त की और उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य अजय कुमार सिंह, प्रबंधक पिंकी सिंह तथा अमनदीप सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुनील कुमार, संदीप कुमार, अमित कुमार और पप्पू कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच संचालन आयशा परवीन ने किया।
विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन, छात्रों ने दिखाई वैज्ञानिक प्रतिभा
