![]()
जमुई-गरही मुख्य मार्ग पर दरिमा गांव के पास रविवार देर शाम एक स्कॉर्पियो और टोटो की टक्कर हो गई। यह हादसा इतना तेज था कि टोटो के चार टुकड़े हो गए। इस दुर्घटना में टोटो चालक अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। अरुण अरुणमबांक पंचायत के आमाडीह का रहने वाला है। स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया गया कि टोटो दरिमा गांव के पास मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टोटो सड़क पर बिखर गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल चालक को बाहर निकाला। टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके पर रुका नहीं और तेजी से भागने लगा। कुछ दूर आगे जाकर स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक पुल से टकरा गई। इसके बाद दोनों जगहों पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी डायल 112 पुलिस को दी। डायल 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल अरुण को अस्पताल ले गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर भीड़ जमा हो गई, जिससे ट्रैफिक पर भी असर पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस सड़क पर तेज रफ्तार गाड़ियों के कारण अक्सर हादसे का खतरा रहता है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
जमुई में स्कॉर्पियो-टोटो की टक्कर:चालक गंभीर रूप से घायल, चार टुकड़ों में बंटा ई-रिक्शा; स्कॉर्पियो ड्राइवर फरार
