![]()
गयाजी में हरियाली तीज के मौके पर ढोलकिया गली का माहौल भक्तिमय हो गया। यहां बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाओं ने हरितालिका तीज का निर्जला व्रत रखा। उन्होंने भगवान शिव और माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा की। महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु, सुख-शांति, समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की। ढोलकिया गली में पिछले करीब 12 से 15 सालों से सामूहिक रूप से तीज पर्व मनाने की परंपरा है। इस साल भी इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कई महिलाएं एक साथ इकट्ठा हुईं। उन्होंने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ तीज का व्रत रखा। सुबह से ही महिलाओं में पर्व को लेकर खास उत्साह दिखा। घरों में पूजा की तैयारियां चलती रहीं और महिलाएं मेहंदी, सोलह शृंगार और पारंपरिक कपड़ों में सजकर आयोजन में शामिल हुईं। तीज पर्व का संबंध माता पार्वती की कठोर तपस्या से है राखी अग्रवाल ने बताया कि तीज पर्व का संबंध माता पार्वती की कठोर तपस्या से है। उन्होंने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए यह तपस्या की थी। इसी आस्था और परंपरा के तहत सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। उन्होंने यह भी बताया कि तीज की तैयारी कई दिन पहले से ही शुरू हो जाती है। महिलाएं पर्व के लिए खास तौर पर मेहंदी लगाती हैं और सोलह शृंगार करती हैं। घरों में भी पर्व की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। तीज पर्व की शुरुआत ‘नहाय-खाय’ से होती है। इस दिन सात्विक भोजन बनाया जाता है, जिसमें प्याज और लहसुन का इस्तेमाल नहीं होता। इसके बाद महिलाएं निर्जला उपवास रखती हैं। वे पूरे दिन बिना अन्न और जल लिए भगवान शिव एवं माता पार्वती की आराधना करती हैं। शाम के समय सभी महिलाएं एक साथ इकट्ठा हुईं और भगवान शिव तथा माता पार्वती की पूजा की। सामूहिक रूप से तीज मनाने का आनंद अगल
शिक्षिका के रूप में कार्यरत एक महिला ने बताया कि वह भी लंबे समय से संजू अग्रवाल के घर पर आयोजित होने वाले तीज पर्व में शामिल होती आ रही हैं। उन्होंने कहा कि सामूहिक रूप से तीज मनाने का आनंद ही अलग होता है। जब बड़ी संख्या में महिलाएं एक साथ पूजा करती हैं तो माहौल में श्रद्धा के साथ-साथ उत्साह और अपनापन भी देखने को मिलता है। महिलाओं के बीच प्रेम, भाईचारा और आपसी सहयोग की भावना इस आयोजन की सबसे बड़ी खूबसूरती है। महिलाओं ने कहा कि तीज केवल व्रत और पूजा का पर्व नहीं, बल्कि हमारी परंपरा, संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है।
सौभाग्य बनाए रखने की प्रार्थना की पूजा-अर्चना के दौरान महिलाओं ने भगवान शिव और माता पार्वती से सभी परिवारों पर सुख-समृद्धि, शांति और सौभाग्य बनाए रखने की प्रार्थना की। अंत में पूरे उत्साह के साथ “हर-हर महादेव” और “भोले बाबा का आशीर्वाद सभी पर बना रहे” के जयघोष से वातावरण गूंज उठा।
इस मौके पर राखी अग्रवाल, संजू देवी, विरजा अग्रवाल, रंजू अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल, रूपा देवी, संगीता अग्रवाल, कविता अग्रवाल, अनिता अग्रवाल, बिंदु देवी, मनोरमा देवी, कृष्णा देवी, सविता अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
