![]()
समस्तीपुर में मंगलवार सुबह एग्जाम देने जा रही एक बच्ची को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद सड़क पर मांस के लोथड़े बिखर गए। बच्ची की लाश को समेटकर प्लास्टिक में रखकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया। हादसा समस्तीपुर-मुसरीघरारी सड़क पर डीएवी स्कूल मोड़ के पास मंगलवार सुबह करीब 8 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि एक घंटे बाद ही बच्ची की अर्धवार्षिक परीक्षा शुरू होनी थी। एग्जाम के लिए ही बच्ची अपने पिता के साथ स्कूटी पर बैठकर जा रही थी। इसी दौरान डीएवी स्कूल के मोड़ के पास बच्ची स्कूटी से फिसलकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे बालू लदे ट्रक ने बच्ची को कुचल दिया। घटना से जुड़ी दो तस्वीरें देखिए अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला जानिए मृत बच्ची की पहचान सरायरंजन थाना क्षेत्र के मोहली गांव के रहने वाले आशुतोष रंजन की 8 साल की श्रेया कुमारी के रूप में हुई है। बच्ची के चाचा रजनीश रंजन ने बताया कि गणेश चतुर्थी के पर्व को लेकर श्रेया अपने माता-पिता के साथ सोमवार की रात घर से करीब 9 किलोमीटर दूर अपने गांव गई थी। गांव में रात को धार्मिक कार्यक्रम था, जिसमें पूरा परिवार शामिल हुआ था। रात को कार्यक्रम के बाद तड़के सुबह पूरा परिवार शहर वाले घर आ गया। उन्होंने बताया कि श्रेया डीआरएम ऑफिस के पास एक प्राइवेट स्कूल में दूसरी की छात्रा थी। श्रेया का आज से अर्धवार्षिक परीक्षा होना था। घर आने के बाद तैयार होकर श्रेया स्कूल में एग्जाम देने जा रही थी और उसे छोड़ने के लिए उसके साथ मेरे बड़े भाई जा रहे थे। नींद आने की वजह से स्कूटी से फिसली श्रेया बताया जा रहा है कि गांव में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुई श्रेया देर रात तक जगी थी और उसकी नींद पूरी नहीं हुई थी। हालांकि, उसके माता-पिता एग्जाम की वजह से उसे गांव लेकर नहीं जा रहे थे, लेकिन श्रेया के बार-बार जिद करने के बाद उसके माता-पिता उसे लेकर गांव गए। सुबह गांव से लौटने के बाद एक घंटे में श्रेया स्कूल के लिए तैयार हुई। इसके बाद उसने पिता को कहा कि मुझे स्कूल छोड़ दीजिए। श्रेया के पिता आशुतोष रंजन स्कूटी से उसे स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान नींद आने के कारण श्रेया चलती स्कूटी से डीएवी स्कूल के मोड़ के पास सड़क पर दाहिने ओर गिर गई। श्रेया के सड़क पर गिरने के बाद पीछे से बालू लदे आ रहे ट्रक ने श्रेया को कुचल दिया। ट्रक पर बालू लोड़ होने की वजह से श्रेया की लाश मांस के लोथड़े में तब्दील हो गई। हालांकि, हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से बालू लदे ट्रक को पकड़ लिया गया।
वहीं, हादसे की सूचना के बाद मुसरीघरारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद बच्ची के शव को पॉलिथीन में उठाकर सदर अस्पताल लाया गया। हादसे के बाद समस्तीपुर-मुसरीघरारी पथ पर कुछ देर के लिए जाम लग गया। हालांकि, शव को सड़क से हटाए जाने के बाद यातायात सामान्य हो गया। मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि ट्रक से कुचलकर बच्ची की मौत हुई है। शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। हादसे को अंजाम देने वाली ट्रक को जब्त कर लिया गया है।
समस्तीपुर- एग्जाम देने जा रही बच्ची को ट्रक ने कुचला:सड़क पर बिखरे मांस के लोथेड़े, प्लास्टिक में समेट कर लाई बॉडी; पिता संग आ रही थी
