Tuesday, September 15, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

पश्चिम बंगाल उपचुनाव : नंदीग्राम से चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी और रेजीनगर से सखाराव सरकार भाजपा उम्मीदवार

West Bengal By Elections 2026: पश्चिम बंगाल में 6 अक्टूबर को होने जा रहे उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पूर्व निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी रथ को पूर्व मेदिनीपुर जिले की नंदीग्राम विधानसभा सीट से और मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर विधानसभा सीट से सखाराव सरकार को उम्मीदवार बनाया गया है. पार्टी की ओर से मंगलवार को इसकी घोषणा की गयी. सखाराव सरकार पूर्वी मुर्शिदाबाद जिला के भाजपा अध्यक्ष हैं.

6 मई को हुई थी चंद्रनाथ रथ की हत्या

हसीरानी रथ की उम्मीदवारी से पार्टी के नंदीग्राम अभियान से एक भावनात्मक पहलू जुड़ गया है, क्योंकि पश्चिम बंगाल विधानसभा आम चुनाव 2026 के परिणाम घोषित होने के बाद 6 मई को उनके बेटे चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना में गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. यह घटना पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस को हराकर भाजपा के सत्ता में आने के कुछ दिनों बाद हुई थी.

सीबीआई कर रही है चंद्रनाथ मर्डर केस की जांच

चंद्रनाथ रथ, शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक के तौर पर काम कर चुके थे. वह 6 मई को मध्यमग्राम में कार से जा रहे थे. तभी मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उन पर कथित तौर पर गोली चलायीं. अस्पताल ले जाने के बाद उनकी मौत हो गयी. इस हमले में कार का चालक घायल हो गया. इस मामले की शुरुआती जांच राज्य पुलिस और एक विशेष जांच दल ने की थी, जिसे बाद में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दिया गया.

ये भी पढ़ें: बंगाल उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट ने नंदीग्राम, रेजीनगर सीटों पर उतारे उम्मीदवार

उम्मीदवारी की घोषणा से पहले हसीरानी ने मंदिर में की पूजा-अर्चना

नंदीग्राम में हसीरानी रथ की उम्मीदवारी को लेकर अटकलें लगायी जा रही थीं. मंगलवार को भाजपा द्वारा उनके नाम की औपचारिक घोषणा से पहले ही उन्होंने वहां सिद्धेश्वर शिव मंदिर और जानकीनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करके इन अटकलों पर मुहर लगा दी थी.

हल्दिया में जनसभा को संबोधित करते शुभेंदु अधिकारी और हसीरानी रथ के साथ पदयात्रा करते बंगाल के चीफ मिनिस्टर. फोटो : प्रभात खबर
हल्दिया में जनसभा को संबोधित करते शुभेंदु अधिकारी और हसीरानी रथ के साथ पदयात्रा करते बंगाल के चीफ मिनिस्टर. फोटो : प्रभात खबर

हल्दिया में हसीरानी ने दाखिल किया नामांकन

भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बड़े हुजूम के साथ हसीरानी रथ ने हल्दिया में अपना नामांकन पत्र दायर किया. उनके नामांकन के समय मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद थे.

शुभेंदु अधिकारी हमारे परिवार के अभिभावक हैं. पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, मैं पूरी ईमानदारी से उसे निभाउंगी. -हसीरानी रथ, भाजपा प्रत्याशी, नंदीग्राम विधानसभा

ये भी पढ़ें: बंगाल उपचुनाव 2026: तृणमूल कांग्रेस ने रेजीनगर उपचुनाव के लिए प्रत्याशी की घोषणा की, किसे मिला टिकट?

हसीरानी का दावा- 1.10 लाख वोट से जीतूंगी

हसीरानी रथ राजनीति में नयी नहीं हैं. वह वर्ष 1998 से राजनीति में सक्रिय हैं. 2 बार पंचायत सदस्य और 3 बार पंचायत समिति सदस्य रह चुकी हैं. मंगलवार को मंदिरों में पूजा-अर्चना करने के बाद भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि पार्टी द्वारा चुने जाने पर वह खुश हैं. उन्हें भरोसा है कि वह नंदीग्राम विधानसभा सीट पर 1.10 लाख मतों के अंतर से जीत दर्ज करेंगी.

आम चुनाव में नंदीग्राम से जीते थे शुभेंदु अधिकारी

नंदीग्राम रणनीति में भाजपा ने चंद्रनाथ की हत्या से जुड़ी व्यक्तिगत कहानी के साथ-साथ विधानसभा क्षेत्र के व्यापक राजनीतिक महत्व को भी जोड़ा है. राज्य के भाजपा के प्रमुख नेताओं में शामिल शुभेंदु अधिकारी ने वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीट पर जीत हासिल की थी. बाद में उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी. शुभेंदु अधिकारी के इस सीट को छोड़ने के कारण यहां चुनाव कराना अनिवार्य हो गया.

ये भी पढ़ें: कौन हैं संचिता प्रधान दे? ममता बनर्जी ने शुभेंदु अधिकारी के गढ़ नंदीग्राम से बनाया टीएमसी का उम्मीदवार

रेजीनगर में संगठन पर भरोसा

रेजीनगर में भाजपा ने संगठनात्मक अनुभव रखने वाले चेहरे पर भरोसा जताया है. सरकार पार्टी के पूर्व मुर्शिदाबाद के जिला अध्यक्ष और वर्तमान में प्रदेश समिति के सदस्य हैं.

नंदीग्राम, रेजीनगर में बहुकोणीय मुकाबले के आसार

दोनों विधानसभा सीट पर बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिलेगा. कांग्रेस, वामदल और तृणमूल कांग्रेस के दोनों प्रतिद्वंद्वी धड़ों द्वारा उम्मीदवार घोषित किये जाने के बाद भाजपा भी चुनाव मैदान में उतर गयी है.

ये भी पढ़ें: बंगाल विधानसभा उपचुनाव : नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर 6 अक्टूबर को वोट, 9 को आयेगा रिजल्ट

ममता और रीतब्रत दोनों गुट ने दोनों सीटों पर उतारे प्रत्याशी

ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल गुट ने नंदीग्राम से संचिता प्रधान दे और रेजीनगर से पूर्व विधायक रबीउल आलम चौधरी को उम्मीदवार बनाया है. रीतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल के बागी धड़े ने क्रमशः मोहम्मद एहतेशामुल हक और सफीउज्जमान शेख को मैदान में उतारा है.

कांग्रेस और लेफ्ट ने अलग-अलग दिये उम्मीदवार

कांग्रेस ने नंदीग्राम से मिलन प्रधान और रेजीनगर से अब्दुल्लाहिल कैफी को उम्मीदवार बनाया है. वामदलों ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के शांतिगोपाल गिरि और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सैयद असद अली को मैदान में उतारा है.

रेजीनगर में आरएसपी ने विकास चंद्र मिश्रा को उतारा

सीटों के बंटवारे को लेकर माकपा से असहमति के बाद आरएसपी रेजीनगर में अलग से चुनाव लड़ रही है. उसने विकास चंद्र मिश्रा को अपना उम्मीदवार बनाया है.

रेजीनगर में हुमायूं के बेटे गुलाम नबी आजाद लड़ रहे चुनाव

रेजीनगर के चुनाव में पारिवारिक और राजनीतिक पहलू भी जुड़ा हुआ है. आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के संस्थापक हुमायूं कबीर ने वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव में रेजीनगर और नोदा दोनों सीट पर जीत हासिल की थी. बाद में उन्होंने रेजीनगर सीट छोड़ दी. अब इस सीट से उनके बेटे गुलाम नबी आजाद चुनाव लड़ रहे हैं. वह आजाद ‘रॉबिन’ के नाम से मशहूर हैं.

तृणमूल के चुनाव चिह्न पर इस सप्ताह फैसला संभव

उपचुनाव की घोषणा तृणमूल कांग्रेस के संगठनात्मक नियंत्रण और चुनाव चिह्न को लेकर जारी विवाद की पृष्ठभूमि में की गयी थी. निर्वाचन आयोग के इस सप्ताह यह फैसला करने की उम्मीद है कि दोनों में से किस धड़े को तृणमूल के ‘घास पर दो फूल’ वाले चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ने की अनुमति दी जायेगी या उन्हें अस्थायी चुनाव चिह्न दिये जायेंगे.

नंदीग्राम, रेजीनगर में 6 अक्टूबर को वोट

नंदीग्राम और रेजीनगर सीट पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 16 सितंबर है. मतगणना 9 अक्टूबर को होगी.

The post पश्चिम बंगाल उपचुनाव : नंदीग्राम से चंद्रनाथ रथ की मां हसीरानी और रेजीनगर से सखाराव सरकार भाजपा उम्मीदवार appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles