![]()
मोतिहारी के जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव गुरुवार को अरेराज अनुमंडल क्षेत्र में जांच के लिए निकले थे। रास्ते में मलाही स्थित सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल पर उनकी नजर पड़ी। डीएम ने अचानक अपना काफिला स्कूल की तरफ मोड़ दिया। उन्हें अचानक स्कूल में देखकर शिक्षक और बच्चे हैरान रह गए। डीएम सीधे क्लासरूम में पहुंचे और वहां चल रही पढ़ाई का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों से ‘शिक्षा साथी ऐप’ के इस्तेमाल की जानकारी ली। साथ ही उपस्थिति रजिस्टर और स्कूल की दूसरी व्यवस्थाओं को भी देखा। इसके बाद उन्होंने बच्चों से बातचीत शुरू की। ब्लैकबोर्ड पर खुद हल कराए गणित के सवाल
निरीक्षण के दौरान डीएम बच्चों के साथ घुल-मिल गए। उन्होंने नौंवी कक्षा में करीब एक घंटे तक गणित पढ़ाया। ब्लैकबोर्ड पर गणित के कई मुश्किल सवाल हल कराए। बच्चों ने भी आत्मविश्वास के साथ सवालों के जवाब दिए, जिससे डीएम काफी खुश हुए। उन्होंने गणित के साथ हिंदी और अंग्रेजी विषय के भी टिप्स दिए। बच्चों ने पूछा- सर, अगली बार कब आएंगे?
डीएम को अपने बीच शिक्षक के रूप में देखकर बच्चों में काफी उत्साह था। पढ़ाई के दौरान बच्चों ने भी रुचि दिखाई। क्लास खत्म होने के बाद बच्चों ने डीएम से पूछा, “सर, अगली बार कब आएंगे, हम आपका इंतजार करेंगे।” डीएम बोले- जब भी आएंगे, फिर पढ़ाएंगे
बच्चों के आग्रह पर डीएम मुस्कुराए और कहा कि जब भी वे इस क्षेत्र में आएंगे, फिर बच्चों से मिलेंगे और उन्हें पढ़ाएंगे। शिक्षकों से अभिभावक की तरह बच्चों पर ध्यान देने को कहा
निरीक्षण के बाद डीएम ने स्कूल में चल रही पढ़ाई की व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे अभिभावक की तरह बच्चों पर ध्यान दें और उनकी शिक्षा में कोई कमी न आने दें। डीएम के अचानक निरीक्षण और बच्चों को पढ़ाने की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।
मोतिहारी DM ने बच्चों को 1 घंटे गणित पढ़ाया:अचानक पहुंचे स्कूल; बच्चों ने कहा- सर अगली बार कब आएंगे, हम इंतजार करेंगे
